डॉक्टर से साढ़े चार करोड़ रुपये की ठगी में चार गिरफ्तार
फरीदाबाद में एनआईटी साइबर अपराध थाना पुलिस ने डॉक्टर से फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर साढ़े करोड़ रुपये की ठगी के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने डेटिंग वेबसाइट पर शादी का झांसा देकर ठगी की। गिरफ्तार आरोपियों में सुशील, हिमांशु, मोहम्मद अयाज और मोहम्मद आरिफ शामिल हैं।

फरीदाबाद, कार्यालय संवाददाता। एनआईटी साइबर अपराध थाना पुलिस ने फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर डॉक्टर से करीब साढ़े करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में दो बैंक खाताधारक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की पेशकश पर अदालत ने आरोपियों को पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुशील निवासी सिवान, बिहार, हिमांशु निवासी मुज्जफरनगर, यूपी, मोहम्मद अयाज और मोहम्मद आरिफ उर्फ आरिश निवासी नैनीताल उत्तराखंड के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि हिमांशु और आरिफ की आपस में ऑनलाइन ग्रुप के माध्यम से जान पहचान हुई थी। आरिफ ने हिमांशु को बैंक खाता उपलब्ध करवाने के लिये कहा था।
इस पर हिमांशु ने सुशील को बैंक खाता खुलवाने के लिये नैनीताल ले गया था। सुशील की फर्म एसके इंटरप्राइजिज का बैंक खाता खुलवाकर आरिफ को दिया था। सुशील और हिमांशु की जान पहचान भी ऑनलाइन हुई थी। सुशील के बैंक खाते में ठगी के एक करोड़ 57 लाख रुपये आये थे। मोहम्मद अयाज की एक फर्म एजेड ट्रेडर्स है। इसका खाता आरोपी रियाज ने खुलवाया था और आगे ठगों को दिया था। अयाज के फर्म के खाते में आठ लाख 30 हजार रुपये आए थे। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी सुशील अपने पिता के साथ लेबर कॉन्ट्रेक्टर का काम करता है, जिनकी एसके इंटरप्राजेज के नाम से फर्म है। हिमांशु बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। अयाज 12वीं पास कर ड्राइविंग करता है। रियाज ने आईटीआई की हुई है। बता दें कि साइबर ठगों ने 24 अक्तूबर को सेक्टर- 9 निवासी एक डॉक्टर को डेटिंग वेबसाइट पर शादी का झांसा देकर एक युवती ने अपने कथित भाई के साथ फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश करवाने के नाम पर चार करोड़ 43 लाख 68 हजार 974 रुपये का निवेश करवा दिए थे। बाद में पता चला कि साइबर ठगों ने शादी का फर्जीवाड़ा कर यह ठगी की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




