Faridabad News: पूर्व विधायक के शव का अंतिम संस्कार हुआ, गांव में शोक की लहर
Faridabad News: राजस्थान के बयाना के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना का सोमवार शाम फरीदाबाद के पैतृक गांव पाली में अंतिम संस्कार किया गया। केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर समेत कई राजनीतिक और सामाजिक लोग शामिल हुए। ग्रामीणों ने आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की। भड़ाना 2003 में भाजपा के टिकट पर विधायक बने थे। राजस्थान के भौंड़ा गांव स्थित क्रेशर प्लांट के विवाद में पिटाई के बाद उनकी मौत हुई थी।

Faridabad News: - अंतिम संस्कार में केंद्रीय मंत्री व विधानसभा समेत कई राजनीतिक व सामाजिक लोग हुए शामिल फरीदाबाद, संवाददाता। राजस्थान के भरतपुर जिले की बयाना सीट से पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना का सोमवार शाम उनके पैतृक गांव पाली में अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। ग्रामीणों ने हत्या के आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की। अंतिम संस्कार में केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, एनआईटी विधानसभा से विधायक सतीश फागना, पूर्व विधायक ललित नागर, जेपी नागर सहित कई राजनीतिक व सामाजिक लोग उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
अंतिम संस्कार में उमड़े लोग
-----
अंतिम दर्शन के लिए उमड़े ग्रामीण
पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना के अंतिम संस्कार के दौरान गांव में गम का माहौल रहा। उनके निधन की खबर से ग्रामीणों में शोक है। अंतिम संस्कार में शामिल लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना जताई और घटना पर दुख व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। अतर सिंह भड़ाना का गांव पाली से पुराना जुड़ाव रहा था। वह गांव के पूर्व सरपंच भी रह चुके थे। उनके राजनीतिक सफर और सामाजिक संबंधों के कारण गांव में उन्हें जानने वाले बड़ी संख्या में लोग अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
पाली गांव से राजनीतिक सफर
------
पाली गांव से शुरू हुआ था राजनीतिक सफर
अतर सिंह भड़ाना मूल रूप से फरीदाबाद के गांव पाली के रहने वाले थे। उनका राजनीतिक पाली से ही शुरू हुआ था। अतर सिंह भड़ाना 80 के दशक में पाली गांव से सरपंच बने थे। हालांकि, वह करीब 30 साल से राजस्थान में पत्नी कमलेश के साथ रह रहे थे। उनका परिवार भरतपुर जिले के भौंड़ा गांव स्थित क्रेशर प्लांट के पास बने मकान में रहता था। परिवार में उनकी पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा है। उनकी बड़ी बेटी किरण भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी हैं और हिमाचल प्रदेश में तैनात हैं। उनके बेटे अर्जुन सिंह ने कानून में स्नातकोत्तर की पढ़ाई की है। उनके दो छोटे भाई फतेह सिंह और बीर सिंह हैं।
भाजपा के टिकट पर विधायक बने
-------
2003 में भाजपा के टिकट पर बने विधायक
अतर सिंह भड़ाना ने राजस्थान में भाजपा के साथ अपना राजनीतिक सफर आगे बढ़ाया। वर्ष 1998 में उन्होंने भाजपा के टिकट पर बयाना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे। वर्ष 2003 में इसी सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बने। इसके बाद वह राजस्थान भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे। वर्ष 2008 के विधानसभा चुनाव से पहले वह कांग्रेस में शामिल हो गए और भरतपुर जिले की नगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। बाद में वह फिर भाजपा में लौट आए थे।
क्रेशर प्लांट विवाद और पुलिस जांच
------
क्रेशर प्लांट के विवाद में पीट-पीटकर हत्या का आरोप
अतर सिंह भड़ाना की रविवार शाम राजस्थान के भौंड़ा गांव स्थित क्रेशर प्लांट पर ग्रामीणों के साथ विवाद के दौरान पिटाई की गई थी। उन्हें पहले वैर अस्पताल ले जाया गया, जहां से जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया। वहां रात करीब 11:30 बजे उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, क्रेशर प्लांट को लेकर करीब चार साल से विवाद चल रहा था। ग्रामीणों का आरोप था कि जमीन पर अतिक्रमण, अवैध खनन और लीज के रास्ते को लेकर समस्या थी। ग्रामीणों के मुताबिक, वे कई दिनों से धरना दे रहे थे। रविवार को दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने पर लाठी-डंडे और पत्थर चलने की बात सामने आई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
--------


