स्मार्ट सिटी के लोगों ने पौधों की भी खरीदारी की
फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित टाउन पार्क में आयोजित पुष्प मेला रविवार को संपन्न हुआ। मेले में हजारों लोगों ने भाग लिया और विभिन्न प्रकार के फूलों और पौधों की प्रदर्शनी का आनंद लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी मेले में रौनक बढ़ाई। विजेताओं को सम्मानित किया गया और सेल्फी पॉइंट्स ने लोगों का ध्यान खींचा।
फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित टाउन पार्क में आयोजित पुष्प मेला रविवार को संपन्न हो गया। पुष्प मेले के अंतिम दिन फूलों की सुंदरता देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रविवार को सुबह हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद मौसम बेहद खुशनुमा हो गया, जिससे मेले की रौनक और बढ़ गई। परिवार सहित बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंचे और रंग-बिरंगे फूलों के बीच समय बिताया। निगम प्रशासन की ओर से पहली बार सेक्टर-12 टाउन पार्क में इस पुष्प मेले का आयोजन किया गया था, जिसे लोगों ने खूब सराहा। स्मार्ट सिटी के लोगों ने विभिन्न तरह के फूलों और पौधों को देखने के साथ उनकी खरीदारी भी की।
निगम की ओर से मेले में करीब 35 किस्म के फूलों की प्रदर्शनी लगाई गई थी। इन फूलों की सुंदरता और खुशबू ने दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित किया। मेले में शहर के कई नर्सरी संचालकों ने अपने स्टाल लगाए थे, जहां लोगों ने विभिन्न प्रकार के फूलों के पौधे और बीज खरीदे। इसके साथ ही नर्सरी संचालकों ने लोगों को घरों में बागवानी करने के आसान तरीके भी बताए। पुष्प मेले में केवल फूलों की प्रदर्शनी ही नहीं लगाई गई, बल्कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर भी लोगों को जागरूक किया गया। विभिन्न संस्थाओं की ओर से लगाए गए स्टालों पर लोगों को बताया गया कि रसोई से निकलने वाले कचरे का सही तरीके से निस्तारण कैसे किया जा सकता है। लोगों को जैविक खाद बनाने और घरों में छोटे-छोटे गार्डन तैयार करने के उपाय भी समझाए गए।प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया सम्मानितमेले को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न वर्गों में प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया था। इन प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में लोगों और संस्थानों ने भाग लिया। मेले के अंतिम दिन सभी विजेताओं को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं में कई प्रतिभागियों ने अपनी बागवानी कला का शानदार प्रदर्शन किया। बेस्ट पार्क का खिताब सेक्टर-14 स्थित सेंट्रल पार्क को दिया गया। वहीं बेस्ट होम गार्डन का खिताब करुणा पाल गुप्ता ने जीता। बेस्ट बोंसाई एवं कैक्टस का खिताब अमन बाग को प्रदान किया गया। इसी तरह बेस्ट इंस्टीट्यूट गार्डन का खिताब एनएचपीसी को दिया गया, जबकि सेक्टर-19 स्थित डीपीएस स्कूल को बेस्ट स्कूल गार्डन के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विजेताओं को मंच पर सम्मानित करते हुए अधिकारियों ने उनकी सराहना की और लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया।सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समामेले में केवल फूलों की प्रदर्शनी के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। स्थानीय लोक कलाकार आजाद मंढोरी ने अपनी प्रस्तुति से सांस्कृतिक संध्या में समा बांध दिया। उनकी प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।सेल्फी पॉइंट बने आकर्षण का केंद्रमेले में लोगों के लिए फूलों से सजे आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी तैयार किए गए थे। यहां पर परिवार सहित आए लोगों ने खूब फोटो खिंचवाई। इसके अलावा निगम प्रशासन की ओर से इंडिया गेट की तर्ज पर एक विशेष संरचना भी बनाई गई थी, जो दर्शकों के बीच खासा आकर्षण का केंद्र बनी रही। दिनभर लोग इस इंडिया गेट के सामने खड़े होकर अपनी सेल्फी लेते नजर आए। इसके अलावा फूलों का हाथी, मोर, टोकरा सहित कई सेल्फी पॉइंट लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।मंदिरों के फूलों को दिया नया रूपनिगम प्रशासन ने इस बार मेले में एक अनोखी पहल भी की। मंदिरों में चढ़ाए जाने वाले फूलों को एकत्रित कर उन्हें नए रूप में सजाकर प्रदर्शनी में इस्तेमाल किया गया। निगम कर्मचारियों ने शहर के विभिन्न मंदिरों से फूल एकत्रित कर उन्हें आकर्षक सजावट के रूप में प्रस्तुत किया।पांच हजार से अधिक लोगों ने की शिरकतनिगम प्रशासन के अनुसार मेले के अंतिम दिन पांच हजार से अधिक लोगों ने इसमें भाग लिया। पूरे दिन मेले में लोगों की चहल-पहल बनी रही। मेले में आए कई दर्शक फूड स्टालों पर विभिन्न व्यंजनों का आनंद लेते भी दिखाई दिए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


