पीएमश्री स्कूलों में छात्रों को मिलेगा प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण
फरीदाबाद के पीएमश्री स्कूलों में छात्रों को प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह पहल सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपात स्थितियों में सहायता करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। सभी स्कूलों में आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे छात्र आपातकालीन परिस्थितियों में मदद कर सकें। यह योजना 26080000 रुपये के बजट में लागू होगी।

फरीदाबाद। जिले के पीएमश्री स्कूलों में अब छात्र-छात्राओं को प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) का व्यवस्थित प्रशिक्षण दिया जाएगा। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद और अन्य आपात स्थितियों में तुरंत राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की जा रही है। योजना के तहत सभी पीएमश्री स्कूलों में प्राथमिक उपचार से जुड़े आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि प्रशिक्षण केवल सैद्धांतिक न रहकर व्यावहारिक भी हो। इस योजना को लागू करने के लिए समग्र शिक्षा अभियान के तहत 26080000 रुपये तक की राशि खर्च की जा सकेगी। इस बजट से स्कूलों में फर्स्ट एड किट, स्ट्रेचर, बैंडेज, बेसिक मेडिकल उपकरण और प्रशिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
साथ ही विद्यार्थियों को विशेषज्ञों के माध्यम से प्राथमिक उपचार देने की सही तकनीक सिखाई जाएगी। पहले सीमित था दायरा, अब सभी को मिलेगा अवसर अब तक स्कूलों में प्राथमिक उपचार की जानकारी मुख्य रूप से रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान दी जाती थी। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) तथा सेंट जॉन एंबुलेंस से जुड़े छात्रों को ही औपचारिक प्रशिक्षण का अवसर मिलता था। अब यह प्रशिक्षण पीएमश्री स्कूलों में पढ़ने वाले सभी विद्यार्थियों को दिया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक छात्र आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता करने के योग्य बन सकें। चिकित्सा क्षेत्र में रुचि रखने वालों के लिए लाभकारी शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह पहल विशेष रूप से उन छात्रों के लिए लाभकारी साबित होगी, जो भविष्य में चिकित्सा या स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में करियर बनाने की सोच रहे हैं। स्कूली स्तर पर ही प्राथमिक उपचार की समझ विकसित होने से उनमें सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि दुर्घटना के बाद शुरुआती समय में दिया गया प्राथमिक उपचार कई बार जीवन रक्षक साबित होता है। ऐसे में स्कूल स्तर पर इस तरह का प्रशिक्षण शुरू होना एक सराहनीय और दूरदर्शी कदम माना जा रहा है। शिक्षा निदेशालय के आदेश समग्र शिक्षा अभियान के तहत पीएमश्री स्कूलों के विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों को जागरूक करके आपात स्थिति में पीड़ित व्यक्ति को प्राथमिक उपचार देना है। ताकि जिंदगियों को बचाया जा सकें। -अंशु सिंगला, जिला शिक्षा अधिकारी
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



