दमकल कर्मचारी हड़ताल पर, ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की चेतावनी

Apr 08, 2026 05:53 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share

पलवल में दमकल कर्मचारियों ने 8 और 9 अप्रैल को हड़ताल का ऐलान किया है। सर्व कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं, तो बड़ा आंदोलन होगा। संघ ने दमकल कर्मचारियों के बलिदानियों के परिवारों को सहायता देने की भी मांग की है।

दमकल कर्मचारी हड़ताल पर, ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की चेतावनी

पलवल, अजित कुमार। दमकल कर्मचारियों द्वारा आठ और नौ अप्रैल को घोषित राज्य स्तरीय पूर्ण कार्य बहिष्कार और हड़ताल को लेकर सर्व कर्मचारी संघ पूरी तरह से कर्मचारियों के समर्थन में उतर आया है। बुधवार को जिला प्रधान जितेन्द्र तेवतिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला राजस्व अधिकारी बलराज दांगी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने समय रहते मांगों का समाधान नहीं किया, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान जितेन्द्र तेवतिया और सचिव हरेन्द्र देशवाल ने कहा कि वर्तमान में गेहूं की कटाई का सीजन शुरू होने वाला है।

खेतों में फसल तैयार खड़ी है और इस समय आगजनी की घटनाएं बढ़ने का खतरा रहता है। यदि दमकल कर्मचारी हड़ताल पर रहते हैं, तो किसानों की मेहनत खाक हो सकती है। उन्होंने सरकार से मांग की कि तुरंत यूनियन प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए बुलाकर समाधान निकाला जाए, ताकि हड़ताल टाली जा सके। ज्ञापन में कहा कि 16 फरवरी 2026 को फरीदाबाद की कालकाजी स्टील कंपनी में हुई भीषण आग का जिक्र किया गया, जिसमें दमकल कर्मचारी भवी चंद शर्मा और रणवीर सिंह बलिदानी हुए थे। संघ ने आरोप लगाया कि सरकार बलिदानियों के बीच भेदभाव कर रही है। पुलिस विभाग के बलिदानी कर्मचारी को एक करोड़ रुपये और सरकारी नौकरी दी जाती है, लेकिन इन दमकल कर्मियों के परिवारों को अभी तक कोई ठोस सहायता नहीं मिली है। उन्होंने कहा की जींद पटाखा फैक्ट्री विस्फोट में मृतकों को सहायता दी गई, फिर दमकल कर्मियों के मामले में चुप्पी क्यों है।उन्होंने मांग की कि दिवंगत दमकल कर्मचारी भवी चंद शर्मा और रणवीर सिंह को आधिकारिक रूप से बलिदानी का दर्जा मिले। दोनों पीड़ित परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दी जाए। परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। दमकल विभाग के सभी अनियमित कर्मचारियों को पक्का किया जाए और उन्हें जोखिम भत्ता व सुरक्षा दी जाए। हड़ताल रोकने के लिए कर्मचारी यूनियन के साथ तुरंत उच्च स्तरीय बैठक की जाए। जिला सचिव हरेन्द्र देशवाल ने स्पष्ट किया कि दो दौर की वार्ता विफल होने के बाद कर्मचारियों में भारी रोष है। यदि सरकार ने संवेदनशीलता नहीं दिखाई, तो सर्व कर्मचारी संघ प्रदेश स्तर पर दमकल कर्मचारियों के कंधे से कंधा मिलाकर आंदोलन करेगा, जिससे होने वाली किसी भी जनहानि या आर्थिक नुकसान की जिम्मेदारी सीधे तौर पर सरकार की होगी। इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष देवीसिंह सेजवार सहित जिला कार्यकारिणी के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।