खिलाड़ियों और प्रशंसकों पर फुटबॉल विश्वकप का खुमार चढ़ा
फरीदाबाद में फुटबॉल विश्वकप को लेकर खेल प्रेमियों में उत्साह बढ़ गया है। होटल और रेस्टोरेंट विशेष तैयारियों में जुटे हैं। स्थानीय खेल मैदानों में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों की संख्या बढ़ी है। कोचों का मानना है कि विश्वकप खेलों की ओर युवाओं को आकर्षित करने का बड़ा अवसर है।

फरीदाबाद, धनंजय चौहान। फुटबॉल विश्वकप को लेकर शहर के खेल प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। खिलाड़ियों से लेकर प्रशंसकों तक सभी पर विश्वकप का खुमार चढ़ने लगा है। मैचों के प्रसारण का समय सामने आने के बाद खेल प्रेमी अपने दैनिक कार्यक्रमों को उसी हिसाब से तय कर रहे हैं, जिससे कोई महत्वपूर्ण मुकाबला देखने से न चूकें। वहीं, होटल, रेस्टोरेंट और कैफे संचालक भी फुटबॉल प्रेमियों को आकर्षित करने के लिए विशेष इंतजाम करने की तैयारी में जुट गए हैं। शहर में एनआईटी और सेक्टर-12 में फुटबाल खिलाड़ियों के लिए खेल मैदान है। जहां रोजाना करीब 70 से 80 बच्चे और खिलाड़ी अभ्यास के लिए आते हैं। शहर के विभिन्न इलाकों में रहने वाले फुटबॉल प्रशंसक अपने पसंदीदा देशों और खिलाड़ियों के समर्थन में पहले से ही चर्चाएं कर रहे हैं। वहीं सोशल मीडिया पर भी विश्वकप से जुड़े पोस्ट और चर्चाएं तेज हो गई हैं। कई युवा मित्रों के साथ सामूहिक रूप से मैच देखने की योजना बना रहे हैं, जबकि कुछ लोगों ने अपने घरों में बड़ी स्क्रीन और प्रोजेक्टर की व्यवस्था शुरू कर दी है।
फुटबॉल कोचों का मत
फुटबॉल कोचों का कहना है कि विश्वकप का आयोजन युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने का सबसे बड़ा अवसर होता है। विश्वकप के दौरान स्थानीय स्तर पर फुटबॉल खेलने वालों की संख्या बढ़ जाती है और युवा पेशेवर खिलाड़ियों से प्रेरणा लेते हैं।
फुटबॉल ग्राउंड की पड़ताल
विश्वकप के माहौल का असर शहर के फुटबॉल मैदानों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। एनआईटी राजा नाहर सिंह स्टेडियम के समीप स्थित फुटबॉल मैदान सहित विभिन्न स्कूलों के खेल मैदानों में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों की संख्या में पिछले कुछ सालों में वृद्धि हुई है। गुरुवार शाम यहां अनेक बच्चे और युवाओं की टीमें अभ्यास करती नजर आई। हालांकि खिलाड़ियों का कहना है कि शहर में फुटबॉल के लिए समर्पित मैदानों और आधुनिक सुविधाओं की अभी भी कमी है। कई मैदानों में घास, प्रकाश व्यवस्था का अभाव है। इसके बावजूद खिलाड़ियों का उत्साह कम नहीं हुआ है। कोचों का मानना है कि यदि स्थानीय स्तर पर बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाए तो फरीदाबाद से भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकते हैं।
जिला फुटबॉल संघ की प्रतिक्रिया
जिला फुटबॉल संघ के कोषाध्यक्ष एस रहमान ने कहा कि विश्वकप केवल एक टूर्नामेंट नहीं बल्कि फुटबॉल संस्कृति का उत्सव है। यही कारण है कि हर चार साल में होने वाले इस महाकुंभ को लेकर शहर में विशेष उत्साह देखने को मिलता है। आने वाले दिनों में जैसे-जैसे मुकाबले रोमांचक होते जाएंगे, वैसे-वैसे फुटबॉल का यह जुनून और अधिक बढ़ने की उम्मीद है।
खिलाड़ियों से बातचीत
फुटबॉल विश्वकप हमारे लिए सीखने का बड़ा मंच है। दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को खेलते देखकर नई तकनीक और रणनीतियां समझने का मौका मिलता है। - अंकित कुमार, फुटबॉल खिलाड़ी
विश्वकप का इंतजार हर फुटबॉल खिलाड़ी को रहता है। मैचों को देखने के लिए हमने दोस्तों के साथ विशेष व्यवस्था की है। -मोहम्मद आरिफ, फुटबॉल खिलाड़ी
FAQs
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


