Faridabad News: राहगीर और वाहनों को रौंदते हुए कार शोरूम में घुसी, एक की मौत
Faridabad News: नूंह, केशव भारद्वाज। सदर तावड़ू थाना के अंतर्गत छरोड़ा गांव के बस स्टैंड के

Faridabad News: नूंह, केशव भारद्वाज। सदर तावड़ू थाना के अंतर्गत छरोड़ा गांव के बस स्टैंड के पास एक बेकाबू कार कई वाहनों को टक्कर मारते हुए टाइल शोरूम में घुस गई। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि मृतक युवक करीब 100 फीट दूर जाकर एक खड़ी कार की छत पर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई । यह हादसा बुधवार देर शाम का है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष से शिकायत मिलने पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है。
मृतक की पहचान
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बहरामपुर गांव निवासी 34 वर्षीय कपिल के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह छरोड़ा बस स्टैंड के पास अपने जीजा के साथ टाइल्स की खरीदारी के लिए आया था। बुधवार शाम करीब 5:38 बजे तेज रफ्तार कार ने सड़क पर चल रही एक पिकअप को टक्कर मार दी। इसके बाद चालक अपनी कारपर नियंत्रण खो बैठा । कार अनियंत्रित होकर कपिल और सड़क किनारे खड़ी तीन बाइकों और एक कार को टक्कर मारते हुए टाइल शोरूम में एक दुकान के अंदर जा घुसी। लोगों का कहना है कि टक्कर लगते ही कपिल हवा में उछलकर करीब 100 फीट दूर एक खड़ी कार की छत पर जा गिरा। दुर्घटना में एक अन्य राहगीर, कार चालक तथा दुकान के अंदर मौजूद एक व्यक्ति भी घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और सभी घायलों को नल्हड़ स्थित शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने कपिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायल अपने परिजनों के साथ निजी अस्पतालों में उपचार के लिए चले गए।
कार चालक पर मामला दर्ज
पुलिस ने मृतक के जीजा प्रदीप चंद की शिकायत पर कार के चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश तेज कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। सदर तावड़ू थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि कपिल के सिर में गंभीर चोटें आई थीं और शरीर के कई हिस्सों में फ्रैक्चर थे। पुलिस को घटना के सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिनमें कार कई वाहनों और राहगीरों को टक्कर मारते हुए दुकान में घुसती दिखाई दे रही है। मृतक युवक और उसका जीजा टाइल्स खरीदने आए थे। वे दोनाें टाइल्स शोरूम में टाइल्स देखने के बाद यहां बने एक अन्य शोरूम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार मानाजा रहा है। उन्होंने बताया कि जिस शोरूम में यह कार कार घुसी थी, उसके काउंटर से एक-डेढ़ फीट दूर रह गई थी। काउंटर पर शोरूम मालिक और उनका बेटा बैठा हुआ था।
--------------


