ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR फरीदाबादआज से फास्टैग अनिवार्य देना होगा दोगुना टोल टैक्स 

आज से फास्टैग अनिवार्य देना होगा दोगुना टोल टैक्स 

फरीदाबाद। हाईवे के सभी टोल प्लाजा पर सोमवार से बिना फास्टैग वाले वाहनों से...

आज से फास्टैग अनिवार्य देना होगा दोगुना टोल टैक्स 
हिन्दुस्तान टीम,फरीदाबादMon, 15 Feb 2021 03:00 AM
ऐप पर पढ़ें

फरीदाबाद। हाईवे के सभी टोल प्लाजा पर सोमवार से बिना फास्टैग वाले वाहनों से दोगुना टोल टैक्स वसूला जाएगा। टोल प्लाजा की एकमात्र हाईब्रि लेन(नकद और फास्टैग) से भी फास्टैग वाले वाहन ही गुजर सकेंगे। रविवार दोपहर बाद टोल प्लाजा की हाईब्रिड लेन पर वाहनों की लाइन लंबी थी। जबकि सभी फास्टैग लेन खाली पड़ी थीं। 

रविवार दोपहर बाद टोल प्लाजा पर दिल्ली और फरीदाबाद की ओर आने-जाने वाली दिशाओं में फास्टैग बिक्री केंद्र पर कर्मचारी खाली बैठे हुए थे। इन बिक्री केंद्र पर फास्टैग खरीदने के इच्छुक वाहन मालिक नजर नहीं आ रहे थे। टोल प्लाजा पर दोनों ओर 10-10 लेन हैं। इनमें से आठ फास्टैग, एक आपातकालीन और हाईब्रिड लेन(फास्टैग और नकद लेन) है। रविवार को हाईब्रिड लेन पर वाहनों की लाइन लगी हुई थी। जबकि फास्टैग की लेन खाली पड़ी हुईं थीं। 

हाईब्रिड लेन पर खड़े होकर किया जा रहा था जागरूक: हाईब्रिड लेन पर टोलकर्मी हाथों में तख्तियां लेकर बिना फास्टैग वाले वाहन चालकों को फास्टैग लगवाने के लिए जागरूक कर रहे थे। तख्तियों पर अंग्रेजी में लिखा था कि ‘फास्टैग अवेलेवल हेयर(यहां फास्टैग उपलब्ध है)। मगर, वाहन चालकों पर टोलकर्मियों की इस जागरूकता का कोई असर नहीं हो रहा था। वाहन चालक अपने गंतव्य की ओर बढ़े चले जा रहे थे। 

पीएनबी ने भी शुरू किया फास्टैग: पंजाब नेशनल बैंक ने भी फास्टैग की बिक्री शुरू कर दी है। वाहन चालक बैंक की वेबसाइट पर जाकर घर बैठे अपना फास्टैग मंगवा सकते हैं। फास्टैग के लिए आरसी, डीएल, वाहन का फोटो आदि होना जरूरी है। केवाईसी के लिए आधार कार्ड जरूरी है। 250 रुपये में फास्टैग बनवाया जा सकता है। हालांकि, अलग-अलग कंपनी के अलग-अलग दाम हैं। एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, कोटेक बैंक आदि के साथ-साथ पेट्रोल पंप, एयरटेल और पेटीएम पर भी फास्टैग उपलब्ध हैं। वहीं बदरपुर टोल प्लाजा पर भी फास्टैग बिक्री केंद्र चल रहे हैं। 

85 प्रतिशत वाहन गुजर रहे फास्टैग वाले: बदरपुर टोल प्लाजा पर 24 घंटे में औसतन 50 हजार वाहन गुजरते हैं। इनमें से फास्टैग वाले वाहन 85 प्रतिशत है। पलवल के श्रीनगर टोल प्लाजा पर 24 घंटे में औसतन 22 हजार वाहन गुजरते हैं। इनमें से 78 प्रतिशत वाहन फास्टैग वाले हैं। 

पांच सेकंड लगते एक वाहन के गुजरने पर: फास्टैग वाले वाहन को टोल प्लाजा से गुजरने पर अधिकतम पांच सेकंड लगते हैं। जबकि नकद टोल चुकाने में आधा मिनट तक लग जाता है। कई बार खुले रुपये न होने पर ज्यादा समय भी लग जाता है। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें