
खेती के लिए अमोनियम नाइट्रेट को लेकर किसानों की बढ़ सकती है दिक्कत
दिल्ली धमाके के बाद अमोनियम नाइट्रेट की बिक्री में गिरावट आई है, जिससे नूंह के किसानों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। आरोपी डॉक्टर उमर ने यहां से बड़ी मात्रा में नाइट्रेट खरीदा था। दुकानदारों की बिक्री कम होने से किसान खाद के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।
नूंह। दिल्ली धमाके में अमोनियम नाइट्रेट के इस्तेमाल की सूचना के बाद दुकानदार इसे बेचने से कतराने लगे हैं। इससे रबी बुआई कर रहे किसानों की परेशानी बढ़ गई है। नूंह में किसानों के सामने ज्यादा दिक्कत होने लगी है, क्योंकि दिल्ली धमाके के आरोपी डॉक्टर उमर ने यहां से बड़ी मात्रा में नाइट्रेट खरीदा था। दरअसल, नूंह और आसपास के क्षेत्रों में किसान इन दिनों रबी फसल और सब्जियों की बुवाई में जुटे हुए हैं। अमोनियम नाइट्रेट खाद का इस समय उपयोग होता है, लेकिन दिल्ली धमाके के बाद दुकानदारों ने इसकी बिक्री कम कर दी है। नाम न छापने की सूरत में एक दुकानदार ने बताया है कि जांच एजेंसियां कभी भी दुकान पर पहुंच सकती हैं, इसलिए वे सावधानी बरत रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक कई जगहों पर स्टॉक भी कम बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार आरोपी डॉक्टर मुजम्मिल के घर से करीब 3000 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट बरामद होने के बाद नूंह में बिक्री पर विशेष नजर रखी जा रही है। आरोप है कि कुछ विक्रेताओं ने पहले अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में यह खाद महंगे दामों में बेच दी, जिससे अब स्टॉक की कमी हो रही है। इस वजह से किसान खाद के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। किसानों का कहना है कि जिला प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए ताकि खाद की उपलब्धता बनी रहे। उन्होंने मांग की है कि अमोनियम नाइट्रेट की बिक्री के लिए कोई ठोस व्यवस्था बनाई जाए, जिससे किसानों को परेशानी न हो। किसानों का कहना है कि यदि यह स्थिति लंबे समय तक रही तो पैदावार पर इसका सीधा असर पड़ेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




