किसान 12 फरवरी की हड़ताल में शामिल होंगे

Feb 10, 2026 05:03 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share

पलवल में किसान 12 फरवरी को अमेरिका-भारत फ्री ट्रेड डील और सरकार की वादा खिलाफी के खिलाफ हड़ताल करेंगे। अखिल भारतीय किसान सभा की बैठक में यह निर्णय लिया गया। किसान देवीलाल पार्क में एकत्र होकर प्रदर्शन करेंगे और आरोप लगाया गया कि सरकार विदेशी कंपनियों के हित में काम कर रही है।

किसान 12 फरवरी की हड़ताल में शामिल होंगे

पलवल, संवाददाता। अमेरिका-भारत फ्री ट्रेड डील और सरकार की कथित वादा खिलाफी के विरोध में जिले के किसान 12 फरवरी की राष्ट्रीय हड़ताल में शामिल होंगे। यह फैसला अखिल भारतीय किसान सभा की बैठक में लिया गया। किसान 12 फरवरी को देवीलाल पार्क में एकत्र होकर प्रदर्शन करेंगे। जाट धर्मशाला में हुई बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान रूपराम तेवतिया ने की। बैठक में संयुक्त किसान मोर्चा के नेता मास्टर महेन्द्र सिंह चौहान और धर्मचंद ने कहा कि यह व्यापार समझौता भारतीय कृषि के लिए खतरनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विदेशी कंपनियों के हित में काम कर रही है और किसानों की अनदेखी कर रही है।

किसान नेताओं ने कहा कि अमेरिका से आने वाले कृषि उत्पादों पर भारत ने शुल्क कम कर दिए हैं, जबकि भारतीय उत्पादों पर वहां भारी टैक्स लगाया जा रहा है। इससे देश के किसानों को भारी नुकसान होगा। कपास, गेहूं, मक्का और सोयाबीन जैसी फसलों पर इसका सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने बताया कि विदेशी दूध और डेयरी उत्पादों के आयात से स्थानीय दुग्ध उत्पादकों को नुकसान पहुंचेगा। इसके अलावा जीएम बीज और खाद्य पदार्थों के आयात से मिट्टी की उर्वरता और फसलों की गुणवत्ता पर भी खतरा बढ़ेगा। नेताओं ने कहा कि यदि अमेरिकी कृषि उत्पाद खुले तौर पर भारत में बिके, तो छोटे और मध्यम किसान बाजार से बाहर हो जाएंगे। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था कमजोर होगी और बेरोजगारी बढ़ेगी। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि संयुक्त किसान मोर्चा की राष्ट्रीय आम बैठक 24 फरवरी को कुरुक्षेत्र में होगी। इसमें आगे की आंदोलन रणनीति पर चर्चा की जाएगी। किसान नेताओं ने सभी किसानों से एकजुट होकर आंदोलन में भाग लेने की अपील की, ताकि अपने अधिकारों की रक्षा की जा सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।