Hindi NewsNcr NewsFaridabad NewsFarmers Protest Against Insufficient Compensation for Land Used for Jewar Airport Pipeline
नोएडा एयरपोर्ट के लिए ईंधन सप्लाई का काम रोकेंगे किसान

नोएडा एयरपोर्ट के लिए ईंधन सप्लाई का काम रोकेंगे किसान

संक्षेप:

फरीदाबाद के किसानों ने जेवर एयरपोर्ट के लिए तेल पाइपलाइन बिछाने का काम रोकने की चेतावनी दी है, क्योंकि उन्हें मुआवजा नाकाफी मिला है। उन्होंने बताया कि बाजार भाव के मुकाबले कम मुआवजा दिया गया है। मंत्री राव नरबीर की अध्यक्षता में हुई ग्रीवेंस बैठक में किसानों ने अपनी शिकायतें रखीं।

Nov 21, 2025 11:12 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share Share
Follow Us on

ग्रीवेंस कमेटी फरीदाबाद, मुख्य संवाददाता। जमीन का पर्याप्त मुआवजा नहीं मिलने से नाराज किसान जेवर एयरपोर्ट तक बिछाई जा रही तेल पाइप लाइन का काम बंद करवाएंगे। शुक्रवार को सेक्टर-12 हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सभागार में हुई ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में किसानों ने शासन-प्रशासन को यह चेतावनी दी। जिसे सुनकर सब दंग रह गए, लेकिन किसी ने किसी प्रकार की प्रतिक्रिया नहीं दी। मंत्री राव नरबीर ने बैठक की अध्यक्षता की। सदन में 20 शिकायतें रखी गई, जिनमें 18 का मौके पर निदान किया। जिला फरीदाबाद के गांव प्याला में भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) का प्लांट हैं। जिससे जेवर एयरपोर्ट के हवाई जहाजों के लिए ईंधन की आपूर्ति की जाएगी।

इसके लिए करीब 38 किलोमीटर की पाइप लाइन बिछाई जा रही है। फरीदाबाद के गांव प्याला, सागरपुर, डीग, पहलादपुर के किसान रामपाल, राधे पंडित, इंद्रपाल, नन्दकिशोर, दुर्गा आदि ने ग्रीवेंस में अपनी शिकायत रखते हुए बताया कि उनके गांवों में जमीन का बाजार भाव प्रति एकड़ चार करोड़ रुपये से ज्यादा है, जबकि उनको भारत पेट्रोलियम ने प्रति एक सवा करोड़ रुपये सर्किल रेट के हिसाब से मुआवजा दिया है, जो नाकाफी है। किसानों का दावा है कि भारत पेट्रोलियम ने जिला पलवल के किसानों को इसी काम के लिए जमीन का मुआवजा प्रति एकड़ 80 लाख रुपये प्रति एकड़ बाजार भाव दिया, जबकि पलवल में सर्किल रेट प्रति एकड़ 20 लाख रुपये है। किसानों का आरोप है कि भारत पेट्रोलियम फरीदाबाद के किसानों के साथ नाइंसाफी कर रहा। मंत्री राव के पूछने पर भारत पेट्रोलियम के अधिकारी ने बताया कि फरीदाबाद के किसानों को नियमानुसार दस फीसदी ज्यादा बढाकर मुआवजा दिया है और अब इससे ज्यादा मुआवजा देने का कोई विकल्प कानूनी लिहाज से नहीं बचा है। जब मंत्री भी कुछ नहीं बोले तो किसानों ने कहा कि जब तक उनको पलवल की तरह मुआवजा नहीं दिया जाएगा तब तक वह अपने खेतों में पाइपलाइन नहीं बिछाने देंगे। यह कहकर किसान सदन से बाहर चले गए। ------ निदेशक को गिरफ्तार करने के आदेश चिराग नामक एक व्यक्ति ने सदन को बताया ग्रेटर फरीदाबाद में रियल एस्टेट कंपनी डब्लयूटीसी से उन्होंने प्लॉट खरीदा था। उनके अलावा करीब 2200 लोगों ने उपरोक्त कंपनी में निवेश किया। आरोप है कि सभी लोगों से पैसे लेकर प्लॉट नहीं देकर कम्पनी ने धोखाधड़ी की है। मंत्री के पूछने पर पुलिस अधिकारी ने बताया कि।मुकदमा दर्ज कर इस कंपनी के चार निदेशकों में तीन निदेशकों को गिरफ्तार किया जा चुका है, चौथे को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शिकायतकर्ता की मांग पर मंत्री ने कंपनी के स्टाफ से भी पूछताछ करने के आदेश दिए हैं। ------- मीठा पानी सप्लाई करने के आदेश मंत्री ने संजय कॉलोनी में मीठे पानी की आपूर्ति करने के आदेश दिए। यहां ट्यूबवेल का पानी खारा होने की वजह से पानी की किल्लत बनी हुई है। इस शिकायत को लेकर लोग ग्रीवेंस कमेटी में पहुंचे। एक अन्य शिकायत भी खारे पानी को लेकर आई। इनके अलावा बल्लभगढ़ से मोहना तक बनाई गई सड़क में घटिया सामग्री का इस्तेमाल करने का आरोप लोगों ने लगाया। मंत्री ने सड़क की मरम्मत करने के आदेश दिए।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;