यमुना पर बांध निर्माण रोकने की मांग उठी

हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
Follow us on Google News
share

मोहना गांव में किसानों और ग्रामीणों की महापंचायत हुई, जिसमें बांध निर्माण को रोकने की मांग की गई। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी भूमि का उचित समाधान नहीं होता, तब तक निर्माण कार्य रोका जाए। यमुना नदी के जलभराव से भी कृषि भूमि प्रभावित हो रही है, जिसके लिए मुआवजे की मांग की गई।

यमुना पर बांध निर्माण रोकने की मांग उठी

बल्लभगढ़, अशोक जैन। मोहना गांव स्थित सिद्ध बाबा मंदिर में रविवार को ग्राम मोहना और मोहियापुर के किसानों एवं ग्रामीणों की एक महापंचायत आयोजित की गई, जिसमें ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के यमुना पुल के नीचे कटाव रोकने के लिए बनाए जा रहे बांध को लेकर गहन चर्चा की गई। पंचायत में बांध निर्माण का निर्माण रोकने की मांग की गई। पंचायत की अध्यक्षत बुजुर्ग गिर्राज ने की। पंचायत में किसानों ने एकमत होकर निर्णय लिया कि जब तक बांध की जद में आने वाली किसानों की भूमि का उचित समाधान नहीं किया जाता, तब तक निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से पूर्णतः रोक दिया जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि बिना स्पष्ट मुआवजा और पुनर्वास नीति के कार्य जारी रखना किसानों के हितों के खिलाफ है। पंचायत में दूसरा प्रमुख मुद्दा यमुना नदी के जलभराव से वर्षों से प्रभावित हो रही कृषि भूमि का रहा। किसानों ने बताया कि वर्ष 1978 और उससे पूर्व से ही यमुना का पानी उनकी जमीनों में भरता आ रहा है, जिससे हजारों एकड़ फसल बर्बाद होती रही है। इस पर पंचायत ने सर्वसम्मति से मांग की कि 1978 से अब तक हुए नुकसान का उचित फसल मुआवजा किसानों को दिया जाए।ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में वे पहले भी कई बार प्रशासन व सरकार के समक्ष अपनी समस्याएं रख चुके हैं। 5 फरवरी 2026 को ग्रीवेंस कमेटी की बैठक, 27 मार्च को उपायुक्त कार्यालय में बैठक, 7 अप्रैल को प्रशासनिक निरीक्षण और 1 व 8 मई को दिए गए ज्ञापनों के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। पंचायत में उपस्थित किसानों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए बांध निर्माण कार्य को समाधान होने तक तत्काल प्रभाव से स्थगित कराया जाए। इस अवसर पर ओमी मेंबर, वीर सिंह थानेदार, वेदराम, चाचा बेदन, नरेंद्र मास्टर, ईश्वर नंबरदार, सतवीर मैनेजर, बसंत, ओमवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।