
किसानों के मुद्दों को लेकर मोहना में क्षेत्रीय पंचायत का आयोजन
फरीदाबाद के मोहना गांव में रविवार को एक संयुक्त पंचायत आयोजित की गई, जिसमें किसानों ने सर्कल रेट, यमुना नदी के खनन से प्रभावित भूमि और ग्रीन एक्सप्रेसवे पुल पर चर्चा की। किसानों ने सरकार से सर्कल रेट बाजार दर के अनुसार तय करने की मांग की। यदि 10 फरवरी तक समाधान नहीं हुआ, तो किसान विरोध करने का निर्णय लिया।
फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। मोहना गांव में रविवार को आसपास के गांवों की संयुक्त पंचायत आयोजित हुई, जिसमें मोहना, छायसा, हीरापुर जलहाका, अटेरणा, सोल्डा, भोलड़ा, बागपुर, थंतरी, हसापुर, पंचायत झुग्गी, शेखपुर, राजूपुर व माला सिंह फार्म सहित कई गांवों के प्रतिनिधि शामिल हुए। पंचायत की अध्यक्षता वीर सिंह थानेदार ने की। बैठक में क्षेत्र के किसानों से जुड़े तीन अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिसमें सर्कल रेट, किसानों की जमीन से बह रही यमुना नदी और ग्रीन एक्सप्रेसवे पुल पर बन रहे बांदा से प्रभावित भूमि। किसानों ने कहा कि क्षेत्र का सर्कल रेट बाजार भाव से बेहद कम है, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
पंचायत ने सरकार से सभी गांवों का सर्कल रेट बाजार दर के अनुरूप तय करने की मांग की। उन्होंने बताया गया कि छांयसा से लेकर चांदहट तक यमुना नदी किसानों की मिल्कियत से बहती है, बावजूद इसके खनन से प्रभावित किसानों को अब तक कोई सहायता नहीं मिली। इस दौरान किसानों ने पंचायत में एक ओर गंभीर मुद्दा उठाया।उन्होंने कहा गया कि ग्रीन एक्सप्रेसवे पुल पर बन रहे बांदा से लगभग 1000 एकड़ भूमि प्रभावित होगी, जिससे जमीन की कीमत शून्य हो जाएगी और खेती असंभव हो जाएगी। पंचायत ने निर्णय लिया कि यदि 10 फरवरी तक समाधान नहीं हुआ तो किसान निर्माण कार्य का विरोध करेंगे। इस अवसर पर ईश्वर नंबरदार, किशनलाल, प्रभु मास्टर, राजेश भाटी, नरेंद्र अत्रि सहित अनेक किसान नेता व प्रतिनिधि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




