धूप खिलने से राहत पर हवा प्रदूषित
फरीदाबाद में तेज धूप से लोगों को ठंड से राहत मिली, लेकिन वायु प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना रहा। बल्लभगढ़ का एक्यूआई 235 दर्ज किया गया। प्रदूषित हवा से बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई। मौसम विभाग ने अगले दिनों में धूप रहने की संभावना जताई है।

फरीदाबाद। शहर में बुधवार को तेज धूप खिलने से लोगों को कड़ाके की ठंड से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन वायु प्रदूषण का स्तर अब भी चिंताजनक बना हुआ है। बुधवार को बल्लभगढ़ का वायु गुणवत्ता सूचकांक 235 दर्ज किया गया, जो प्रदूषण की खराब श्रेणी में आता है। पिछले कुछ दिनों से लोग कड़ाके की ठंड से जूझ रहे थे। हालांकि, दो दिन से निकल रही तेज धूप से लोगों को काफी राहत मिली है। बुधवार को लोगों ने बच्चों के पास पार्कों में जलकर मस्ती थी। शाम को चली सर्द हवा ने एक बार फिर शहर को अपने आगोश में ले लिया।
इस दौरान न्यूनतम तापमान 10 और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तरफ से जारी सूची के अनुसार बुधवार को फरीदाबाद का एक्यूआई 216 और बल्लभगढ़ का 235 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। इस स्तर की प्रदूषित हवा लंबे समय तक सांस लेने पर स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं पैदा कर सकती है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पूर्व डीन डॉ. अनिल पांडे ने कहा कि इस तरह के प्रदूषण में अस्थमा और क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) का खतरा काफी बढ़ जाता है। प्रदूषित हवा में मौजूद पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे बारीक कण सीधे फेफड़ों में जाकर सूजन, खांसी, सांस फूलने और एलर्जी की समस्या को बढ़ा देते हैं। लंबे समय तक ऐसे वातावरण में रहने से दिल और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों का जोखिम भी बढ़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अगले एक-दो दिन तक दिन में धूप रहने की संभावना है। उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि सुबह-शाम बाहर निकलने से बचें, मास्क का उपयोग करें और जरूरत न होने पर खुले में व्यायाम न करें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


