वीएलडीए कर्मचारियों की बीएलओ ड्यूटी से पशु स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित
फरीदाबाद में पशुपालन विभाग के कर्मचारियों को गैर-विभागीय कार्य लगाए जाने से पशु स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। वीएलडीए कर्मचारी राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान में शामिल हैं, लेकिन अतिरिक्त ड्यूटी से पशु स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। पशुपालकों को समय पर सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं।

फरीदाबाद, अभिषेक शर्मा। पशुपालन विभाग के वीएलडीए (वेटरिनरी लाइवस्टॉक डेवलपमेंट असिस्टेंट) कर्मचारियों की गैर-विभागीय ड्यूटी लगाए जाने से जिले में पशु स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रतिकूल असर पड़ने लगा है। विभागीय कर्मचारियों का कहना है कि इस समय जिले में पशुओं को संक्रामक रोगों से बचाने के लिए राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान चल रहा है, जिसके तहत वीएलडीए कर्मचारी गांव-गांव जाकर पशुओं का टीकाकरण, टैगिंग और डाटा अपलोड करने का कार्य कर रहे हैं। कर्मचारियों के अनुसार उनके जिम्मे पशुओं के कृत्रिम गर्भाधान, उपचार और विभागीय योजनाओं को पशुपालकों तक पहुंचाने की भी जिम्मेदारी है। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा पहले एग्री स्टैक और जनगणना कार्य में ड्यूटी लगाई गई और अब उन्हें बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) का दायित्व भी सौंप दिया गया है।
इससे कार्य का दबाव काफी बढ़ गया है। वीएलडीए कर्मचारियों का कहना है कि एक-एक कर्मचारी कई गांवों के हजारों पशुओं की देखभाल और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जिम्मेदार है। लगातार अतिरिक्त ड्यूटी के कारण पशु अस्पतालों और डिस्पेंसरियों की ओपीडी भी प्रभावित हो रही है। पशुपालकों को समय पर सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं, जबकि जिले में करीब डेढ़ लाख पशुओं का स्वास्थ्य इन कर्मचारियों पर निर्भर है। वेटरिनरी सर्विसेज एसोसिएशन फरीदाबाद के जिला प्रधान राजबेल देशवाल ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा पशुपालन विभाग के कर्मचारियों को चुनावी ड्यूटी से छूट प्रदान की गई है। इसके बावजूद बीएलओ ड्यूटी लगाए जाने से टीकाकरण अभियान और पशु स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि पशुधन के स्वास्थ्य हितों को ध्यान में रखते हुए वीएलडीए कर्मचारियों की बीएलओ ड्यूटी तत्काल प्रभाव से हटाई जाए तथा भविष्य में भी उन्हें गैर-विभागीय कार्यों से मुक्त रखा जाए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


