
मेवला महाराजपुर में अर्बन हेल्थ सेंटर में बनेंगे डॉक्टरों और स्टाफ के लिए आवास
फरीदाबाद के मेवला महाराजपुर स्थित शहरी स्वास्थ्य केंद्र को 200 बेड के अस्पताल में अपग्रेड किया जाएगा। इससे मरीजों को 24 घंटे चिकित्सा सेवाएं मिलेगी। स्वास्थ्य मंत्री ने इसकी घोषणा की थी, जिससे गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए सुविधाएं बढ़ेंगी। नए अस्पताल में डॉक्टर और स्टाफ के लिए आवास भी बनाए जाएंगे।
फरीदाबाद। मेवला महाराजपुर स्थित शहरी स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड कर 200 बेड का अस्पताल बनाने के साथ ही डॉक्टर व स्टाफ के लिए जल्द आवास बनाए जाएंगे, जिससे मरीजों को 24 घंटे उचित इलाज की सुविधा मिल सके। इसे लेकर लोक निर्माण ने तैयारियां शुरू कर दी है। स्मार्ट सिटी में स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर केवल बीके एक बड़ा अस्पताल है। यहां प्रतिदिन की ओपीडी दो हजार के करीब रहती है। इसके बाद भी कई बार सभी लोगों को चिकित्सकीय परामर्श नहीं मिल पाता था। इसके अलावा रक्त सहित अन्य प्रकार की स्वास्थ्य जांच के लिए एक से डेढ़ घंटे लाइन में लगने के बाद नंबर आता है।
बीके अस्पताल के दबाव को कम करने के लिए मेवला महाराजपुर सेक्टर-45 के स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड करके 200 बेड का अस्पताल बनाया जाएगा, जिसके बाद यहां अतिरिक्त डॉक्टर और स्टाफ की तैनाती की जाएगी। ऐसे में भविष्य की जरूरतों को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने आवासीय सुविधाएं विकसित करने की तैयारी की है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अस्पताल अपग्रेड होने से बदरपुर बॉर्डर से लेकर सेक्टर-30, 31, 45, 46, डीएलएफ सहित कई क्षेत्रों के लोगों को बीके अस्पताल में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्हें मेवला महाराजपुर में बेहतर चिकित्सकीय सुविधा मिलेगी। स्वास्थ्य केंद्र के अपग्रेड वाली फाइल को मंजूरी मिलने के बाद चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, ऑपरेशन थियेटर सहित कई तरह की चिकित्सा उपलब्ध कराई जाएंगी। सेंट्रल लैब भी स्थापित की जाएगी 200 बेड का अस्पताल बनने साथ ही यहां पर शारीरिक जांचों की सुविधा भी बढ़ाई जाएगी। यहां पर सेंट्रल लैब स्थापित करने की योजना है। इस लैब में वह सभी जांचें हो सकेंगी, जो बीके अस्पताल की सेंट्रल लैब में होते हैं। यहां पर अल्ट्रासाउंड, एक्सरे, ईसीजी आदि की भी व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा यहां पर प्रसूति वार्ड भी विकसित किया जाएगा स्वास्थ्य मंत्री ने मेवला महाराजपुर के स्वास्थ्य केंद्र को 200 बेड का अस्पताल बनाने की घोषणा की थी। अब उसे कागजों पर लाने का कार्य शुरू हो गया। अभी ओपीडी सेवाएं और गर्भवती महिलाओं व बच्चों के टीकाकरण तक सीमित सुविधाएं मेवला महाराजपुर में केवल ओपीडी सेवाएं और गर्भवती महिलाओं व बच्चों का टीकाकरण किया जा रहा है। डिलीवरी की सुविधा न होने के कारण गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए दूर के अस्पतालों में जाना पड़ता है, जिससे समय और संसाधनों की परेशानी होती है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद महिलाओं को अपने ही क्षेत्र में सुरक्षित प्रसव की सुविधा मिल सकेगी। स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि स्वास्थ्य केंद्र में डिलीवरी सेवाएं शुरू हो जाती हैं तो यह क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि होगी। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि आपात स्थिति में भी तत्काल उपचार संभव हो पाएगा। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। अस्पताल अपग्रेड होने और डॉक्टर और स्टाफ के लिए आवासीय सुविधाएं परिसर में मिलने से मरीजों को काफी राहत मिलेगी। रात के समय यदि कोई गंभीर अवस्था का मरीज आता है तो उसे तुरंत वरिष्ठ डॉक्टरों से उपचार मिल सकेगा। - डॉ. मीनाक्षी तंवर, स्वास्थ्य केंद्र की वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




