शहर में चार शिशुगृह खोलने की तैयारी
फरीदाबाद में कामकाजी महिलाओं के लिए चार शिशुगृह (क्रेच) खोले जाएंगे। नगर निगम आयुक्त ने इस दिशा में आदेश दिए हैं। इसके अलावा, नाइट शेल्टर की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। ये कदम महिलाओं को काम करते समय अपने बच्चों की देखभाल के लिए सुरक्षित स्थान प्रदान करेंगे। योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के लिए विशेष कैंप भी लगाए जाएंगे।

फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। फरीदाबाद में कामकाजी महिलाओं के बच्चों के लिए चार शिशुगृह (क्रेच) खोलने की तैयारी है। नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने इसके लिए गुरुवार को आदेश जारी किए। इसमें उन्होंने नाईट शेल्टर की संख्या बढ़ाने की भी बात कही है। नगर निगम आयुक्त ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि शहर में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचना चाहिए। इसके लिए विभागों को सक्रिय होकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया कि योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष कैंप लगाए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग जागरूक हो सकें।जिला
परियोजना अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि स्ट्रीट वेंडर्स को एसएमएस के जरिए भी योजनाओं की जानकारी दी जाए। इससे छोटे कारोबारियों को सीधे लाभ मिल सकेगा। प्रशासन का मानना है कि तकनीक के उपयोग से योजनाओं की पहुंच बढ़ेगी। शहर में प्रस्तावित क्रेच अलग-अलग प्रमुख स्थानों पर खोले जाएंगे। इनमें नगर निगम मुख्यालय, जिला उपायुक्त कार्यालय, सिविल अस्पताल के आसपास का क्षेत्र और औद्योगिक क्षेत्र शामिल हैं। इन केंद्रों पर बच्चों के लिए सुरक्षित और देखरेख वाला वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।आयुक्त ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाली महिलाओं को इससे बड़ी राहत मिलेगी। वे अपने बच्चों को सुरक्षित जगह पर छोड़कर काम कर सकेंगी, जिससे उनकी कार्यक्षमता भी बढ़ेगी। इसके साथ ही शहर में नाइट शेल्टर की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है, ताकि जरूरतमंद लोगों को ठहरने की बेहतर सुविधा मिल सके। निगम प्रशासन जल्द ही इन योजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए आवश्यक तैयारियां शुरू करेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


