एनआईटी में बनेगी मल्टी-लेवल कार पार्किंग
फरीदाबाद के एनआईटी में मल्टी लेवल कार पार्किंग बनाने की योजना को सरकार ने मंजूरी दे दी है। इस पर लगभग 60 करोड़ रुपये खर्च होंगे। नगर निगम ने दो विकल्पों पर विचार किया है, जिससे ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्याओं का समाधान किया जा सकेगा। ओल्ड फरीदाबाद में भी एक पार्किंग जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

फरीदाबाद। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल एनआईटी में मल्टी लेवल कार पार्किंग बनाई जाएगी। इसे लेकर सोमवार को बजट में सरकार ने घोषणा की। इस योजना पर करीब 60 कराेड़ रुपये लागत आएगी, जिसे सरकार ने मंजूरी प्रदान की है। नगर निगम आयुक्त ने इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर प्रशासनिक मंजूरी और बजट आवंटन के लिए सरकार को भेज थी। इस परियोजना के लिए दो अलग-अलग विकल्पों पर विचार किया जा रहा है, जिनका उद्देश्य शहर की पार्किंग व्यवस्था को विश्वस्तरीय बनाना है। स्मार्ट सिटी में कहीं भी स्थाई पार्किंग की सुविधा नहीं है। खासकर एनआईटी एक नंबर मार्केट, ओल्ड फरीदाबाद, सराय ख्वाजा मार्केट आदि में पार्किंग की सुविधा नहीं होने से लोग अपने वाहनों को जहां-तहां सड़कों पर खड़ा कर देते हैं, जिससे एक तरफ जहां ट्रैफिक जाम होता है।
वहीं वाहनों में चोरी की घटनाएं भी बढ़ती है। एक नंबर मार्केट में सुबह-शाम जाम के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है, जिसे देखते हुए नगर निगम ने एनआईटी के फावड़ा सिंह चौक के समीप मल्टी-लेवल कार पार्किंग की योजना तैयार की है। इसके लिए डीपीआर तैयार हो गई है। दो विकल्पों पर होगा विचार नगर निगम द्वारा नियुक्त कंसल्टेंट ने भविष्य की जरूरतों को देखते हुए दो मॉडल प्रस्तावित किए हैं विकल्प-ए (हाइब्रिड मॉडल) इसकी अनुमानित लागत करीब 60 करोड़ है। इसमें 5 मंजिलों (2 बेसमेंट सहित) पर 275 वाहनों की पार्किंग होगी। खास बात यह है कि इसे आर्थिक रूप से व्यावहारिक बनाने के लिए ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पर कमर्शियल स्पेस और छत पर ओपन फूड कोर्ट का प्रस्ताव है। वहीं विकल्प-बी (पूर्ण पार्किंग मॉडल): इसकी लागत करीब 58 करोड़ है। इसमें बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर मिलाकर 7 मंजिलों पर 343 वाहनों के खड़े होने की क्षमता होगी। यह पूरा हिस्सा सार्वजनिक पार्किंग के लिए समर्पित रहेगा। पार्किंग निर्माण से न केवल सड़कों पर जाम से मुक्ति मिलेगी, बल्कि ट्रैफिक जाम के कारण होने वाले प्रदूषण और ईंधन की बर्बादी में भी कमी आएगी। बजट मंजूर होने से योजना पर जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है। ओल्ड फरीदाबाद पार्किंग भी जल्द होगी शुरू इसी के साथ जिले की पहली मल्टी-लेवल पार्किंग, जो ओल्ड फरीदाबाद में बनकर तैयार है, उसके भी जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है। यहां एक साथ 100 गाड़ियां खड़ी हो सकेंगी। एचएसवीपी का लक्ष्य है कि इन दोनों परियोजनाओं के कार्यान्वयन से शहर को स्मार्ट मोबिलिटी'' की दिशा में आगे बढ़ाया जाए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



