तहसीलदारों की हड़ताल से रजिस्ट्री का काम प्रभावित
फरीदाबाद में तहसीलदारों की हड़ताल के कारण नागरिकों और कारोबारियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को डीआरओ और एसडीएम ने सीमित रजिस्ट्री कार्य किए, जिससे कुछ राहत मिली, लेकिन कई लोग खाली हाथ लौटे। हड़ताल खत्म होने तक स्थिति में सुधार की उम्मीद नहीं है।

फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। तहसीलदारों की हड़ताल से लोगों और कारोबारियों को हो रही परेशानी को देखते हुए सोमवार डीआरओ और एसडीएम ने कमान संभाली। इस दौरान पूरे दिन में 20 से अधिक रजिस्ट्रियां हुई। हालांकि हड़ताल के चलते अन्य लोगों को खाली हाथ घर वापस लौटना पड़ा। जिले की सभी तहसीलों में पिछले एक सप्ताह से सामान्य कामकाज ठप पड़ा है। जमीन की रजिस्ट्री, इंतकाल, प्रमाण पत्र और अन्य राजस्व कार्य प्रभावित होने से लोगों और कारोबारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को भी हड़ताल जारी रहने से स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। हालांकि, लोगों की परेशानी को देखते हुए सरकार के आदेश पर जिला प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था की है।
डीआरओ (डिस्ट्रिक्ट रजिस्ट्रेशन ऑफिसर) और एसडीएम ने मोर्चा संभालते हुए सीमित स्तर पर रजिस्ट्री का कार्य कराया। सोमवार को विभिन्न तहसीलों में 20 से अधिक रजिस्ट्रियां की गईं, जिससे कुछ लोगों को राहत मिली। बावजूद इसके, बड़ी संख्या में आवेदन लंबित पड़े हैं। तहसीलों में सुबह से ही लोग लंबी कतारों में खड़े नजर आए, लेकिन तहसीलदारों की अनुपस्थिति के कारण अधिकतर कार्य नहीं हो सके। रियल एस्टेट से जुड़े लोगों का कहना है कि रजिस्ट्रियों में देरी से सौदे अटके हुए हैं और आर्थिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोग भी दिनभर इंतजार के बाद निराश लौटने को मजबूर हुए। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, जब तक तहसीलदारों की हड़ताल समाप्त नहीं होती, तब तक डीआरओ और एसडीएम स्तर से ही सीमित कार्य निपटाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से संयम बनाए रखने और अनावश्यक भीड़ से बचने की अपील की है। वहीं तहसीलदारों की मांगों पर सरकार स्तर पर विचार की बात कही जा रही है, लेकिन फिलहाल समाधान की कोई ठोस समयसीमा तय नहीं हो सकी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



