कर्मचारियों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया
फरीदाबाद में ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन की हड़ताल जारी है। कर्मचारियों ने सरकार पर वादाखिलाफी और टालमटोल का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। वेतन में बढ़ोतरी और नियमितीकरण की मांग कर रहे हैं। 24 और 25 मई को नरवाना में महापड़ाव का ऐलान किया गया है।

फरीदाबाद, धनंजय चौहान। ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन की हड़ताल शनिवार को भी जारी रही। हड़ताली कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर रोष जताया। कर्मचारियों ने सरकार पर वादाखिलाफी और टालमटोल की नीति अपनाने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान आयोजित सभा की अध्यक्षता जिला उप प्रधान महेंद्र माडोतिया ने की, जबकि संचालन दिनेश पाली ने किया। इस मौके पर सीटू के जिला सचिव वीरेंद्र सिंह डंगवाल भी मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2007 से ग्रामीण सफाई कर्मचारी लगातार गांवों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों में भी कर्मचारी ईमानदारी से कार्य कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है।
कर्मचारियों ने कहा कि सरकार ने पहले ग्रामीण सफाई कर्मचारियों के वेतन में 26 हजार रुपये तक बढ़ोतरी का ऐलान किया था, लेकिन अब उस पर अमल नहीं किया जा रहा। इसके अलावा कर्मचारियों को नियमित करने और किसी कर्मचारी की मृत्यु होने पर उसके आश्रित को नौकरी देने की कोई व्यवस्था नहीं है। कर्मचारियों ने सरकार से अनुग्रह अनुदान नीति लागू करने की मांग की। सभा में घोषणा की गई कि प्रदेशभर के हजारों ग्रामीण सफाई कर्मचारी 24 और 25 मई को नरवाना में मंत्री कृष्ण कुमार बेदी के कार्यालय के सामने 24 घंटे का महापड़ाव डालेंगे। इसमें फरीदाबाद से भी बड़ी संख्या में कर्मचारी भाग लेंगे।--
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


