Faridabad News: कर्मचारियों ने कूड़ा उठाने गई मशीन और ट्रैक्टर बैरंग लौटाए
Faridabad News: फरीदाबाद में सफाई कर्मचारियों की 20 दिनों से हड़ताल जारी है। कर्मचारियों ने नगर निगम को सफाई व्यवस्था में कमी के लिए जिम्मेदार ठहराया है। महापौर ने समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन हड़ताल जारी है। बारिश के कारण शहर में कचरे के ढेर सड़ने लगे हैं जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।

Faridabad News: फरीदाबाद, धनंजय चौहान। शहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते सफाई व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। सोमवार को कूड़ा उठाने पहुंची ठेकेदार की मशीन और ट्रैक्टर को कर्मचारियों ने बैरंग लौटा दिया। विरोध की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान महिला सफाई कर्मचारियों ने विरोध जारी रखते हुए गिरफ्तारी देने की बात कही। वहीं दूसरी तरफ निगम ने दावा किया कि शहर में सफाई अभियान तेज कर दिया गया है, जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर उठाए जा रहे हैं। जिससे दोनों के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है। नगर निगम सफाई कर्मचारी पिछले 20 दिनों से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर है। हड़ताल के चलते शहर में सफाई व्यवस्था चौपट हो गई है。
कर्मचारियों की मांगें
कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। कर्मचारियों के विरोध के कारण कई जगह ठेकेदार की ओर से कूड़ा उठाने के लिए भेजे गए मशीन-ट्रैक्टर को वापस लौटना पड़ा। मौके पर पुलिस की मौजूदगी में काफी देर तक कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच स्थिति को लेकर तनातनी की स्थिति बनी रही। वहीं दूसरी तरफ नगर निगम की ओर से सोमवार को भी सफाई अभियान चलाया गया। निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह के निर्देशों पर निगम प्रशासन ने अलग-अलग क्षेत्रों में सड़कों के किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर फैले कूड़े-कचरे को उठवाने का कार्य तेज कर दिया है। निगम की टीम ने राजीव नगर, जनता कॉलाेनी, ओल्ड फरीदाबाद स्थित सैयद वाड़ा आदि इलाकों में सफाई कराई गई है।लेकिन यह कुछ ही क्षेत्रों तक सीमित रहा। नीलम बाटा रोड, रेलवे रोड, लखानी चौक सहित कई प्रमुख स्थानों पर सोमवार को भी कचरे के ढेर दिखाई दिए। जगह-जगह जमा कचरे के कारण राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कर्मचारियों ने मेयर का किया घेराव
नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल 19वें दिन भी जारी रही। सफाई कर्मचारी यूनियन के नेतृत्व में कर्मचारियों ने निगम मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया, जिसकी अध्यक्षता यूनियन प्रधान बलबीर सिंह बालगुहेर ने की, जबकि संचालन ऑडिटर लक्ष्मण परचा ने किया। भारी बारिश के बीच कर्मचारियों को समाधान शिविर में महापौर प्रवीण बत्रा जोशी की मौजूदगी की सूचना मिली। इसके बाद हड़ताली कर्मचारी जुलूस के रूप में शिविर पहुंचे और महापौर का घेराव किया। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल पर कर्मचारी विरोधी होने का आरोप लगाया। महापौर ने कर्मचारियों से बातचीत कर आश्वासन दिया कि उन्होंने मंत्री से बात की है और जल्द समाधान निकाला जाएगा।
सरकार की अनियमितताओं का आरोप
यूनियन नेताओं ने कहा कि सरकार अनियमित कर्मचारियों को नियमित करने के बजाय कोर्ट का बहाना बना रही है। उन्होंने मांग की कि प्रदेश के सभी निकायों के कच्चे कर्मचारियों को एक साथ नियमित किया जाए। नेताओं ने स्पष्ट किया कि मांग पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
बारिश में सड़ रहा कचरा
बारिश के बीच शहर की सड़कों और प्रमुख बाजारों में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं। गीला होने के कारण कचरा सड़ने लगा है और उससे दुर्गंध उठ रही है। राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बल्लभगढ़ और एनआईटी बाजार सहित कई स्थानों पर कचरा सड़क तक फैल गया है। सोमवार को बल्लभगढ़ बाजार में कचरा के ढेर में एक स्कूटी सवार फिसल कर चोटिल हो गया। लोगों ने नगर निगम से जल्द कूड़ा उठवाने और जलभराव वाले स्थानों पर विशेष सफाई कराने की मांग की है।
कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द समाधान की उम्मीद
नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा कर्मचारियों की लगभग सभी मांगों को सैद्धांतिक मंजूरी दी जा चुकी है, जबकि कुछ मांगों पर अभी निर्णय शेष है। निगम प्रशासन को उम्मीद है कि जल्द ही कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान होगा और सफाई व्यवस्था सामान्य रूप से सुचारू हो जाएगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वे सफाई व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।
--


