यूएलबी पोर्टल ठप, प्रॉपर्टी आईडी और शादी पंजीकरण के काम अटके
बल्लभगढ़, अशोक जैन। नगर निगम फरीदाबाद का यूएलबी पोर्टल पिछले करीब एक सप्ताह से बंद है, जिससे नागरिकों को प्रॉपर्टी आईडी में सुधार, नाम परिवर्तन और शादी पंजीकरण जैसी ऑनलाइन सेवाओं में परेशानी हो रही है। कर्मचारियों को भी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारी ने उच्च अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया है।

बल्लभगढ़, अशोक जैन। नगर निगम फरीदाबाद का यूएलबी (अर्बन लोकल बॉडी) पोर्टल पिछले करीब एक सप्ताह से बंद होने के कारण नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पोर्टल बंद होने से प्रॉपर्टी आईडी में सुधार, नई प्रॉपर्टी आईडी बनवाने, नाम परिवर्तन सहित कई ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। वहीं शादी पंजीकरण के लिए आने वाले आवेदकों के काम भी पूरी तरह ठप पड़े हुए हैं। निगम कार्यालय में रोजाना बड़ी संख्या में लोग अपने कार्यों के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें हर बार यही जवाब मिल रहा है कि साइट काम नहीं कर रही है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। मुकेश कॉलोनी निवासी कपिल कुमार ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से प्रॉपर्टी आईडी में सुधार करवाने के लिए नगर निगम कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार साइट बंद होने की बात कहकर वापस भेज दिया जाता है। इसी प्रकार जैन कॉलोनी निवासी सुनील कुमार ने कहा कि ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने के बावजूद यदि पोर्टल लगातार बंद रहे तो आम लोगों को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ती है। कोल्हीवाडा मोहल्ला निवासी योगेश कुमार ने बताया कि उसने पिछले 15 दिनों से अपनी बहन की शादी पंजीकरण कराने के लिए फाइल लगवाई हुई है, लेकिन साइट बंद होने के चलते उसका काम नहीं हो रहा है。
पोर्टल ठप होने का असर
पोर्टल ठप होने का असर केवल नागरिकों पर ही नहीं बल्कि निगम कर्मचारियों के कामकाज पर भी पड़ रहा है। अधिकांश ऑनलाइन सेवाएं बंद होने के कारण कर्मचारी भी निर्धारित कार्य नहीं कर पा रहे हैं। कार्यालयों में आने वाले लोगों को वापस लौटाना पड़ रहा है, जबकि कर्मचारी भी तकनीकी समस्या दूर होने का इंतजार कर रहे हैं।
शादी पंजीकरण के आवेदक भी परेशान
यूएलबी पोर्टल बंद होने से शादी पंजीकरण की प्रक्रिया भी प्रभावित हो गई है। विवाह पंजीकरण के लिए आवेदन करने और प्रमाण पत्र जारी कराने वाले लोगों को लगातार निगम कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। कई आवेदकों ने जल्द पोर्टल चालू कराने की मांग की है।
अधिकारियों ने उच्च स्तर पर उठाया मामला
नगर निगम बल्लभगढ़ के संयुक्त आयुक्त करण सिंह ने बताया कि यूएलबी पोर्टल बंद होने से निगम प्रशासन को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया गया है और पोर्टल को जल्द सुचारु करने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तकनीकी समस्या का शीघ्र समाधान कर दिया जाएगा, जिससे नागरिकों के लंबित कार्य पूरे हो सकें।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


