पटवारी और कानूनगो अब टैबलेट पर काम करेंगे
फरीदाबाद में, शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने 4,156 आधुनिक टैबलेट पेश किए हैं। ये टैबलेट पटवारियों और कानूनगों को फील्ड में काम करने में मदद करेंगे। मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि इन उपकरणों में उच्च तकनीकी सुविधाएं हैं, जो राजस्व कार्यों की गति और सटीकता को बढ़ाएंगी।

फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। शहरी स्थानीय निकाय विभाग एवं राजस्व विपुल गोयल ने कहा कि पटवारी और कानूनगो अब टैबलेट पर काम करेंगे। इससे राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी। इसके लिए विभाग के राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों को 4,156 आधुनिक टैबलेट उपलब्ध करवाए जाएंगे। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि इन आधुनिक टैबलेटों में उच्च स्तरीय तकनीकी विशेषताएं उपलब्ध होंगी, जिससे राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों को फील्ड में कार्य करने में काफी सुविधा मिलेगी। इन उपकरणों में बड़ा डिस्प्ले, उन्नत प्रोसेसिंग क्षमता, पर्याप्त स्टोरेज तथा लंबी बैटरी लाइफ जैसी सुविधाएं होंगी, जिससे अधिकारी पूरे दिन के फील्ड वर्क को बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से पूरा कर सकेंगे।उन्होंने
बताया कि इन टैबलेटों में फाइवजी और एलईटी कनेक्टिविटी, जीपीएस-सक्षम सुविधाएं तथा उन्नत इमेजिंग क्षमताएं भी उपलब्ध होंगी। इन तकनीकी सुविधाओं के माध्यम से अधिकारी दूरस्थ और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में भी अधिक दक्षता के साथ कार्य कर सकेंगे। इससे जमीन से जुड़े राजस्व कार्यों की गति बढ़ेगी और फील्ड स्तर पर सूचनाओं का संकलन और सत्यापन अधिक सटीक और प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि सभी 4,156 टैबलेट दो वर्ष के क्लाउड-होस्टेड लाइसेंस के साथ मोबाइल डिवाइस मैनेजमेंट सिस्टम से एकीकृत किए जाएंगे। इससे न केवल प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता सुनिश्चित होगी बल्कि डेटा की सुरक्षा, पारदर्शिता और जवाबदेही भी मजबूत होगी।उन्होंने कहा कि इस पहल के हर चरण में पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उपकरणों की खरीद प्रक्रिया से लेकर उनके उपयोग और प्रबंधन तक सभी कार्य सरकार के निर्धारित मानदंडों के अनुरूप पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से किए जाएंगे। इससे सरकारी कार्यप्रणाली में विश्वास और दक्षता दोनों में वृद्धि होगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


