Faridabad News: डबुआ कॉलोनी में अगले माह से शुरू होगा सीमेंटेड सड़क का निर्माण
Faridabad News: फरीदाबाद के डबुआ कॉलोनी के निवासियों को सड़क और जल निकासी की समस्याओं से राहत मिलेगी। नगर निगम ने बी-ब्लॉक में सामुदायिक भवन के सामने सड़क और नाले के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। निर्माण कार्य अगले महीने से शुरू होगा और छह महीने में पूरा करने का लक्ष्य है।

Faridabad News: फरीदाबाद, धनंजय चौहान। खस्ताहाल सड़क और जलभराव की समस्या से जूझ रहे डबुआ कॉलोनी वासियों के लिए राहत की खबर है। नगर निगम की ओर से बी-ब्लॉक में सामुदाियक भवन के सामने सड़क और नाले का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। योजना पर अगले माह से कार्य शुरू होने की उम्मीद है। छह माह में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। डबुआ कॉलोनी के बी-ब्लॉक में सामुदायिक भवन के सामने सड़क दो साल से जर्जर अवस्था में है। जगह-जगह गड्ढे होने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को परेशानी होती है। बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से आवागमन और मुश्किल हो जाता है। जल निकासी व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने के कारण बारिश का पानी दो-दो घंटों तक जमा रहता है, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है。
निर्माण कार्य की तैयारी
स्थानीय लोगों का कहना है कि खस्ताहाल सड़क की समस्या को लेकर कई बार नगर निगम अधिकारियों से मांग कर चुके हैं। लोगों की बढ़ती समस्या को देखते हुए नगर निगम ने सड़क निर्माण की तैयारियां शुरु कर दी गई है। इसके लिए विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।अगले महीने टेंडर खुलने के बाद संबंधित एजेंसी को निर्माण कार्य सौंपा जाएगा। इस योजना पर 82.92 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य को छह माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। काम पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने के साथ जल निकासी व्यवस्था भी पहले की तुलना में अधिक सुदृढ़ हो जाएगी।
कार्यक्रम की गुणवत्ता
डबुआ कॉलोनी के बी-ब्लॉक में सड़क और नाले के निर्माण की योजना तैयार की गई है। निर्माण कार्य निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुरू कराया जाएगा। काम को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तय समय सीमा में पूरा करने का प्रयास रहेगा, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क और जल निकासी की सुविधा मिल सके। - सतपाल, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम


