पुलिस थानों में क्यूआर कोड स्कैन कर दे सकेंगे फीडबैक
फरीदाबाद पुलिस ने पारदर्शिता और आमजन की संतुष्टि बढ़ाने के लिए एक नई पहल की है। अब शिकायतकर्ता क्यूआर कोड स्कैन कर अपनी फीडबैक सीधे दर्ज कर सकते हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य पुलिस सेवाओं में सुधार और जवाबदेही को मजबूती प्रदान करना है।

फरीदाबाद, केशव भारद्वाज। पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने और आमजन की संतुष्टि का स्तर जानने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। अब शिकायतकर्ता और आगंतुक पुलिस थानों, चौकियों और अधिकारियों के कार्यालयों में लगाए गए क्यू कोड को स्कैन कर सीधे अपना फीडबैक दर्ज करा सकेंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य पुलिस सेवाओं में सुधार और जवाबदेही को और मजबूत करना है। जिले के सभी पुलिस थाना, चौकी और पुलिस अधिकारियों के कार्यालयों में क्यूआर कोड के स्टीकर लगा दिए गए हैं। कोई भी व्यक्ति अपनी शिकायत या कार्य से संबंधित अनुभव को तुरंत साझा कर सकता है।
इससे पुलिस को आमजन की वास्तविक प्रतिक्रिया प्राप्त होगी, जिसके आधार पर सेवाओं में आवश्यक सुधार किए जा सकेंगे। क्यूआर कोड स्कैन करने पर उपयोगकर्ता को एक सरल फीडबैक फॉर्म दिखाई देगा, जिसमें पांच प्रमुख बिंदुओं पर जानकारी मांगी जाएगी। इसमें सबसे पहले आगंतुक से उसकी कुल संतुष्टि का मूल्यांकन एक से पांच के पैमाने पर करने को कहा जाएगा। इसके अलावा कार्यालय के वातावरण की स्वच्छता और पेशेवर व्यवहार, स्टाफ की सहायता और जानकारी देने की क्षमता, कार्यालय तक पहुंचने में आसानी और सेवा वितरण से संतुष्टि जैसे सवाल शामिल हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


