बकरीद से पहले पुलिस ने पैदल मार्च निकाला
फरीदाबाद पुलिस ने 28 मई को होने वाले ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। एक हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से भाईचारा बनाए रखने की अपील की है।

फरीदाबाद, अशोक जैन। 28 मई को मनाए जाने वाले पर्व ईद-उल-जुहा (बकरीद) को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए फरीदाबाद पुलिस अलर्ट हो गई है। जिले में करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई जाएगी। पुलिस ने सोमवार शाम को सभी थाना क्षेत्रों में पैदल मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों से भाईचारा बनाए रखने की अपील की। पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक पुलिस आयुक्त सतेन्द्र कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देशन में जिलेभर में व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। पुलिस के अनुसार 28 मई को ईद-उल-जुहा (बकरीद) के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों, बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। क्विक रिस्पांस टीम, ईआरवी और राइडर स्टाफ भी लगातार गश्त करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जाएगी。
सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी
इसी क्रम में सोमवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में संबंधित सहायक पुलिस आयुक्तों के नेतृत्व में पैदल मार्च निकाला गया। पुलिस बल ने मुख्य बाजारों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने व्यापारियों, धर्मगुरुओं और स्थानीय लोगों से बातचीत कर शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के उपाय
पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक सूचना साझा नहीं करने की अपील की गई है।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना
पुलिस के अनुसार 26 और 27 मई को भी शाम छह बजे से रात नौ बजे तक थाना स्तर पर पैदल मार्च निकाला जाएगा। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम, डायल-112 या नजदीकी थाना पुलिस को दें।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


