Faridabad News: ओडिशा से गांजा तस्करी कर लाई तीन महिलाओं सहित छह गिरफ्तार
Faridabad News: ओडिशा से ट्रेन के जरिए गांजा लेकर फरीदाबाद पहुंचे तीन महिलाओं सहित छह लोगों को अपराध शाखा सेक्टर-16 ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने तीन बैग से करीब 35 किलोग्राम गांजा बरामद किया। शुरुआती पूछताछ में विनोद को तस्करी नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया गया। गांजे की खेप पलवल और नोएडा में सप्लाई की जानी थी। पुलिस आरोपियों से नेटवर्क और खरीद के स्रोतों के बारे में पूछताछ करेगी।

Faridabad News: - आरोपियों से 35 किलोग्राम गांजा बरामद, पलवल और नोएडा में की जानी थी आपूर्ति फरीदाबाद, संवाददाता। ओडिशा से ट्रेन के जरिए गांजा लेकर फरीदाबाद पहुंची तीन महिलाओं सहित छह लोगों को अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन बैग में रखा करीब 35 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। गांजे की खेप पलवल और नोएडा में सप्लाई की जानी थी।
पुलिस ने कैसे की गिरफ्तारी
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि 14 अक्टूबर को अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम को सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति ओडिशा से गांजा लेकर ट्रेन के माध्यम से फरीदाबाद पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने तीन महिलाओं सहित छह संदिग्धों को काबू कर उनकी तलाशी ली तो उनके पास मौजूद तीन बैग से करीब 35 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव दुजाना, जिला गौतम बुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश निवासी विनोद, गांव सिलोटी, पलवल निवासी वीरेंद्र और गांव हिदायतपुर, पलवल निवासी बलजीत के रूप में हुई है। इनके अलावा उत्तर प्रदेश की रहने वाली तीन महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेगी। रिमांड के दौरान आरोपियों से गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क, नशीले पदार्थ की खरीद के स्रोत, सप्लाई से जुड़े अन्य व्यक्तियों और इस कारोबार में उनकी भूमिका के बारे में पूछताछ की जाएगी।
---------
विनोद चला रहा था तस्करी का नेटवर्क
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि विनोद इस तस्करी नेटवर्क का मास्टरमाइंड है। वह तीन महिलाओं के साथ ओडिशा से गांजा लेकर ट्रेन से फरीदाबाद पहुंचा था। गांजे की खेप को पलवल और नोएडा में सप्लाई करने की योजना थी। इसके लिए विनोद ने अपने ममेरे भाई वीरेंद्र को ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर गांजा लेने के लिए बुलाया था। वीरेंद्र अपने साथी बलजीत के साथ स्टेशन पहुंचा था। यहां से वीरेंद्र और बलजीत गांजा लेकर पलवल जाते, जबकि विनोद और उसके साथ आई तीनों महिलाओं को गांजा लेकर नोएडा जाना था।
--------
अमित भाटिया

