Faridabad News: मां कूष्मांडा की पूजा कर आशीर्वाद मांगा

हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share

Faridabad News: फरीदाबाद में शारदीय नवरात्र के चौथे दिन मंदिरों में मां कूष्मांडा की पूजा-अर्चना हुई। भक्तों ने आयु, बल, बुद्धि और यश का आशीर्वाद मांगा। मंदिरों में विशेष श्रृंगार, मालपुए का भोग और भजन-कीर्तन हुए। शहर में 16 अक्तूबर से शुरू होने वाले दुर्गा उत्सव की तैयारियां भी तेज हैं। जिले में 30 से अधिक स्थानों पर उत्सव आयोजित होगा।

Faridabad News: मां कूष्मांडा की पूजा कर आशीर्वाद मांगा

Faridabad News: फरीदाबाद, अभिषेक शर्मा। शारदीय नवरात्र के चौथे दिन बुधवार को देवी के कूष्मांडा स्वरूप की पूजा अर्चना की गई। भक्तों ने मां से आयु, बल, बुद्धि और यश का आशीर्वाद मांगा। मान्यता है कि मां कूष्मांडा की आराधना करने से सारा पाप नष्ट हो जाता है और जीवन में खुशहाली आती है। इसी मान्यता के चलते शहर के सभी छोटे-बड़े मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। शहर के प्रमुख बल्लभगढ़ स्थित हनुमान मंदिर, धोबी घाट स्थित श्री काली माता मंदिर, बांके बिहारी, सेक्टर आठ नीलकंठ महादेव मंदिर, ओल्ड फरीदाबाद एवं बल्लभगढ़ स्थित पथवारी मंदिर सहित सभी देवी मंदिरों में मां कूष्मांडा का विशेष श्रृंगार किया गया। माता को मालपुए का भोग लगाया गया। पुजारियों ने बताया कि मां कूष्मांडा अपने भक्तों को तेज, यश और बुद्धि प्रदान करती हैं। मां की आठ भुजाएं हैं, जिनमें चक्र, गदा, धनुष-बाण, कमल, अमृत कलश, कमंडल और जपमाला है। सिंह पर सवार माता की पूजा करने से रोग, शोक और संताप नष्ट होते हैं। सुबह से ही मंदिरों में भजन-कीर्तन का दौर शुरू हो गया। महिलाओं ने मां के जयकारे लगाते हुए चुनरी और शृंगार का सामान अर्पित किया। कई जगह अष्टमी और नवमी की तैयारियों को लेकर बैठकें भी की गईं।

16 अक्तूबर से शुरू होगा दुर्गा उत्सव

दुर्गा पूजा उत्सव की तैयारियां

उधर स्मार्ट सिटी में शुक्रवार 16 अक्तूबर से शुरू होने वाले दुर्गा पूजा उत्सव की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। जिले में 30 से अधिक स्थानों पर दुर्गा उत्सव का आयोजन होगा। इस बार मां दुर्गा की प्रतिमाएं और पंडाल को लेकर समितियां विशेष तैयारी कर रही हैं। सेक्टर-16 स्थित फरीदाबाद कालीबाड़ी मंदिर में दुर्गा उत्सव का शुभारंभ महा षष्ठी पूजा से होगा।इसके बाद अधिवास, आमंत्रण, बोधन और मूर्ति उनमोचन का कार्यक्रम होगा। वहीं शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा सेक्टर तीन स्थित एहसास फाउंडेशन की ओर से आयोजित होने वाले दुर्गा उत्सव में 23 फुट ऊंची मां दुर्गा मूर्ति विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। मूर्ति पर माता की साड़ी भी मिट्टी से तैयार की गई है। इसके अलावा ग्रेटर फरीदाबाद के कई सोसाइटी ओमेक्स हाइट्स, आरपीएस सवाना, एसआरएस रेजीडेंसी, समर पाम सहित अन्य सोसाइटी में भी दुर्गा उत्सव की तैयारियां चल रही है।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

✦शारदीय नवरात्र के चौथे दिन किस स्वरूप की पूजा की गई?−
शारदीय नवरात्र के चौथे दिन देवी के कूष्मांडा स्वरूप की पूजा-अर्चना की गई।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsएनसीआर NewsफरीदाबादFaridabad News: मां कूष्मांडा की पूजा कर आशीर्वाद मांगा