
शहर को साफ-सुधरा बनाने के लिए खरीदी जाएंगी दो और मशीन
फरीदाबाद नगर निगम शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जल्द ही दो आधुनिक मशीनें लगाएगा। इनसे गीले और सूखे कचरे का निस्तारण होगा, जिससे सड़कें और व्यस्त स्थानों की सफाई में सुधार होगा। मशीनों की कमी के कारण सफाई में समस्याएं आ रही थीं, अब नई मशीनों से स्थिति में सुधार होगा।
फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नगर निगम की ओर से जल्द दो आधुनिक वाहन-आधारित सूखा और गीले कचरे के निस्तारण के लिए दो मशीनें लगाई जाएगी, जिनसे सड़कें, बाजार, व्यस्त चौक, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों सफाई व्यवस्था बेहतर की जा सकेगी। इसे लेकर निगम ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। नगर निगम के पास सड़कों की सफाई के लिए अभी करीब पांच मशीने हैं। इन मशीने से पूरे शहर की सफाई संभव नहीं होती है। मुख्य सड़कों को छोड़ दें तो अन्य सड़कों के किनारे धूल जमा रहती है, जिससे वायु प्रदूषण भी लगातार बढ़ रहा है।
मशीनों की संख्या कम होने से वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की ओर से सड़कों की मशीनों से सफाई कराने के आदेश भी प्रभावी रूप से लागू नहीं हो रहे हैं, जिसे देखते हुए नगर निगम ने अब मशीनों की खरीदने की तैयारी की है। नगर निगम के सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए उपयुक्त मशीनें नहीं होने से अभी सेक्टर से लेकर कॉलोनियों तक अधिकांश इलाकों में सफाई कर्मचारी करते हैं। सुबह आठ बजे के बाद सड़कों पर झाड़ू लगती है, धूल मिट्टी उड़ने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इन मशीनों की मदद से सड़कों के किनारे जमा कूड़ा, उड़ती धूल, पत्ते, सूखा और गीला कचरा आसानी से साफ किया जा सकेगा। वहीं इन मशीनों के लगने के बाद सफाई का दायरा और क्षमता दोनों बढ़ जाएंगे। निगम के अधिकारियों का कहना है कि सुबह-शाम होने वाली नियमित सफाई के साथ-साथ बाजारों में भीड़ के समय भी मशीनें तेजी से काम करेंगी और कम समय में बड़े क्षेत्र की सफाई संभव होगी। यह पहल स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए भी महत्वपूर्ण है। मशीनों के उपयोग से धूल प्रदूषण में भी कमी आएगी, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर वातावरण मिलेगा। अधिकारियों ने बताया कि कई बार सड़क किनारे जमा बारीक धूल और हल्का कचरा हाथ से हटाना मुश्किल होता है, लेकिन ये मशीनें इसे कुछ ही मिनटों में साफ कर देंगी। - ओमवीर सिंह, अधीक्षण अभियंता, नगर निगम

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




