Faridabad News: विकास कार्यों में देरी करने वाले ठेकेदारों को नोटिस की तैयारी
Faridabad News: फरीदाबाद में नगर निगम अब विकास कार्य समय पर पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों पर सख्ती करने की तैयारी कर रहा है। विधायक की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक होगी, जिसमें ठेकेदारों को नोटिस जारी करने और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर जुर्माना लगाने पर चर्चा होगी। लोग ठेकेदारों की देरी से परेशान हैं।

Faridabad News: फरीदाबाद, धनंजय चौहान। शहर में विकास कार्यों को समय पर पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों पर नगर निगम अब सख्ती करने की तैयारी में है।इसे लेकर जल्द विधायक की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक की जाएगी। जिसमें विकास कार्यों की समय सीमा और देरी की वजह पर चर्चा होगी।तय समय पर काम पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों को नोटिस जारी किए जाएंगे। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर ठेकेदारों पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी। शहर में कई जगह सड़क, सीवर, नाली और अन्य विकास कार्य धीमी बेहद गति से चल रहे हैं। कुछ स्थानों पर निर्धारित समय सीमा गुजरने के बाद भी काम पूरा नहीं हुआ है। इसके कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर लोगों की ओर से भी शिकायतें सामने आती रही हैं। सबसे ज्यादा एनआईटी क्षेत्र के लोग परेशान है। सेक्टर-23 संजय कॉलोनी में गलियों में नई सीवर लाइन बिछाने, पेयजल लाइन डालने के साथ नई सड़क का निर्माण कार्य पूरा करने के लिए छह माह की समय सीमा तय की गई थी। अब लगभग नौ महीने बीतने के बाद भी निर्माण कार्य अधर में पड़े हैं। गलियों और 22 फुट रोड का निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। इसी प्रकार सूत्रों ने बताया कि नंगला-भड़ाना रोड का काम छह महीने में पूरा होने था। गलियों में सीवर लाइन पड़े पांच महीने से अधिक बीत गए हैं। नाले खुले पड़े है। पूरे कार्य को 10 महीने से अधिक हो गए हैं। अब तक काम पूरा नहीं हुआ है। वहीं जीवन नगर में सरदार पटेल स्कूल के सड़क का निर्माण डेढ साल से ठप पड़ा है। ठेकेदार ने मिट्टी बिछाकर काम बीच में छोड़ दिया था, जिससे लोग काफी परेशान है। इस तरह के विकास कार्यों में देरी का मामला मंगलवार को हुई दिशा की बैठक में भी उठा। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने निर्धारित समय में काम पूरा नहीं होने पर नाराजगी जताई और अधिकारियों से ऐसे ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। इसके बाद नगर निगम ने देरी से चल रहे कार्यों का ब्योरा जुटाना शुरू कर दिया है。
विधायक करेंगे अधिकारियों के साथ समीक्षा
विधायक सतीश फागना जल्द ही नगर निगम अधिकारियों के साथ विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में क्षेत्रवार विकास कार्यों की स्थिति, काम पूरा होने की निर्धारित समय सीमा और देरी के कारणों की जानकारी ली जाएगी। अधिकारियों से लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराने की कार्ययोजना भी मांगी जा सकती है।
नोटिस के बाद जवाब का मौका
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि देरी से चल रहे कार्यों में संबंधित ठेकेदारों को पहले नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। ठेकेदार की ओर से दिए गए जवाब की समीक्षा के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा। निगम का जोर विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए उन्हें तय समय में पूरा कराने पर रहेगा।
--


