शिविर में ग्यारह शिकायतों का निपटान किया
फरीदाबाद नगर निगम के साप्ताहिक शिकायत समाधान कैंप में 11 शिकायतों का मौके पर निपटारा किया गया। चंदावली ज़ोन कार्यालय में आयोजित इस कैंप में नागरिकों ने प्रॉपर्टी आईडी, जमीन और संपत्ति रिकॉर्ड से जुड़ी समस्याएं रखीं। अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई कर संतोषजनक समाधान दिया, जिससे लोगों को राहत मिली।

फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। नगर निगम फरीदाबाद के साप्ताहिक शिकायत समाधान कैंप में 11 शिकायतों का मौके पर निपटारा किया गया। यह कैंप चंदावली ज़ोन कार्यालय में आयोजित हुआ। जॉइंट कमिश्नर करण सिंह भदौरिया सहित अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं तुरंत हल कीं। ग्रेटर फरीदाबाद के चंदावली नगर निगम ज़ोन कार्यालय में आयोजित इस कैंप में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। कैंप में विशेष रूप से प्रॉपर्टी आईडी से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया गया, जिससे लोगों को काफी राहत मिली। कैंप के दौरान क्षेत्रीय अधिकारियों और कर अधिकारियों की टीम ने नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद तुरंत कार्रवाई की।
अधिकतर शिकायतें जमीन, संपत्ति रिकॉर्ड और कर से जुड़ी हुई थीं, जिन्हें मौके पर ही ठीक किया गया। जॉइंट कमिश्नर करण सिंह भदौरिया ने बताया कि निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर सभी ज़ोन में अलग-अलग दिनों में ऐसे कैंप लगाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य लोगों को दफ्तरों के चक्कर लगाने से बचाना और एक ही स्थान पर समाधान देना है। उन्होंने जानकारी दी कि इस कैंप में फरीदपुर से तीन, सोतई से दो और पहलादपुर समेत अन्य क्षेत्रों से आई शिकायतों का निपटारा किया गया। सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई कर संतोषजनक समाधान दिया। निगम अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के साप्ताहिक कैंप से प्रशासन और जनता के बीच विश्वास बढ़ रहा है। लोग अब अपनी समस्याएं खुलकर रख पा रहे हैं और उन्हें समय पर समाधान मिल रहा है। नगर निगम फरीदाबाद की यह पहल पारदर्शी, सरल और त्वरित सेवा देने की दिशा में एक सराहनीय कदम मानी जा रही है, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


