न्यू जनता कॉलोनी में नाले की सफाई की तैयारी
फरीदाबाद नगर निगम ने बरसात में जलभराव की समस्या से राहत के लिए न्यू जनता कॉलोनी नाले की सफाई की योजना बनाई है। 15 दिन में काम शुरू होगा और 1.5 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है। स्थानीय लोग सफाई की नियमित निगरानी की मांग कर रहे हैं। निगम की प्राथमिकता जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना है।

फरीदाबाद, धनंजय चौहान। बरसात में जलभराव की समस्या से लोगों को राहत देने के लिए नगर निगम ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी है। इसे लेकर निगम ने न्यू जनता कॉलोनी नाले की प्याली चौक बूस्टर तक बड़ी मशीनों से सफाई की तैयारी की है। योजना के तहत 15 दिन में काम शुरू होगा और मई के अंत तक सफाई कार्य शुरू कर दिया जाएगा, जिसे डेढ माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वार्ड-3 स्थित न्यू जनता कॉलोनी में नालों की स्थिति काफी समय से खराब बनी हुई है। नालों में गाद, प्लास्टिक और अन्य कचरा जमा होने के कारण पानी की निकासी बाधित हो जाती है। बारिश के दौरान हालात और भी खराब हो जाते हैं, जब सड़कों और गलियों में पानी भर जाता है। कई जगहों पर सीवर ओवरफ्लो की स्थिति बनती है, जिससे गंदा पानी घरों के आसपास तक पहुंच जाता है। पिछले साल सड़कों यही हाल देखने को मिला था। इसे लेकर स्थानीय लोग कई बार निगम अधिकारियों के समक्ष स्थाई समाधान की मांग कर चुके हैं। लेकिन नियमित सफाई नहीं होने से हालात जस के तस बने रहे।
जलभराव की समस्याएँ
जलभराव के कारण जहां एक ओर लोगों को आवागमन में परेशानी होती है, वहीं दूसरी ओर मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि इस बार सफाई कार्य को प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। नालों से गाद निकालकर जल निकासी को सुचारु बनाया जाएगा। योजना के तहत करीब डेढ़ महीने के भीतर पूरे क्षेत्र में सफाई कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्य की नियमित निगरानी की जाए, ताकि गुणवत्ता में कोई कमी न रहे। ऐसे में स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस बार निगम केवल औपचारिकता नहीं निभाएगा, बल्कि जमीनी स्तर पर काम कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करेगा। यदि योजना के अनुसार कार्य पूरा होता है, तो न्यू जनता कॉलोनी के हजारों लोगों को राहत मिल सकती है और क्षेत्र की सफाई व्यवस्था में भी सुधार देखने को मिलेगा।
निगम का फोकस
निगम का फोकस मानसून से पहले जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने पर है। न्यू जनता कॉलोनी के नाले की सफाई की योजना तैयार है।इस कार्य को 10 से 15 दिन में शुरू करने का प्रयास है।
- ओमवीर सिंह, अधीक्षण अभियंता, नगर निगम
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


