शहर की हरित पट्टी के पौधों को पशुओं से बचाने की तैयारी
फरीदाबाद नगर निगम ने शहर की हरित पट्टियों को पशुओं से बचाने के लिए योजना बनाई है। यह योजना सेक्टर 10-11 के डिवाइडिंग रोड से शुरू होगी। ग्रीन बेल्ट को सुरक्षित करने के लिए सीमेंट के ब्लॉक लगाए जाएंगे, जिससे हरियाली बढ़ेगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि इसका विकास सड़क की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ प्रदूषण कम करने में भी सहायक होगा।

फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। नगर निगम ने शहर हरित पट्टियों को पशुओं से बचाने की योजना तैयार की है। इसकी शुरुआत सेक्टर 10-11 को जोड़ने वाली डिवाइडिंग रोड से की जाएगी। निगम की ओर से जहां एक ओर ग्रीन बेल्ट को संवारा है। वहीं ग्रीन बेल्ट के संरक्षण के लिए सीमेंट के ब्लॉक लगाए जाएंगे, जिससे हरियाली को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। सेक्टर 10-11 की डिवाइडिंग क्षेत्र की प्रमुख सड़कों में शामिल है। इस रोड पर से दिनभर हजारों वाहन गुजरते हैं। वाहनों की आवाजाही अधिक होने के कारण कई स्थानों पर ग्रीन बेल्ट क्षतिग्रस्त हो गई है। वाहन चालकों द्वारा अवैध पार्किंग और डिवाइडर पार करने से पौधे टूट रहे हैं, मिट्टी बिखर रही है।
खुली मिट्टी से धूल उड़ने की समस्या भी बनी रहती है, जिससे वायु गुणवत्ता बढ़ रहा है। शुक्रवार को सेक्टर-11 का एक्यूआई 200 से अधिक दर्ज किया गया। जो प्रदूषण की खराब श्रेणी में आता है। यही स्थिति एनआईटी और बल्लभगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों की है। ऐसे में हरित क्षेत्रों का संरक्षण बेहद जरूरी हो गया है। योजना के तहत पहले चरण में क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत, नई घास और छायादार पौधों का रोपण किया जाएगा। नियमित सिंचाई, छंटाई और सफाई की व्यवस्था की जाएगी। सीमेंटेड ब्लॉक लगने से ग्रीन बेल्ट में वाहनों का प्रवेश रुकेगा और पौधों की जड़ों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा। स्थानीय लोगों ने कहा है कि यदि ग्रीन बेल्ट को व्यवस्थित रूप से विकसित किया जाए तो यह न केवल सड़क की सुंदरता बढ़ाएगी, बल्कि धूल और धुएं को कम करने में भी सहायक होगी। शहर की ग्रीन बेल्ट को संवारने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अगले महीने काम चालू कर दिया जाएगा। -ओमबीर सिंह, अधीक्षण अभियंता, नगर निगम
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


