
शहर के प्रवेश द्वारों का होगा सौंदर्यीकरण
फरीदाबाद नगर निगम ने शहर के प्रवेश द्वारों के सौंदर्यीकरण की योजना बनाई है। इसके तहत प्रमुख मार्गों का सर्वे कर उनकी स्थिति का आकलन किया जाएगा। ट्रैफिक सुगमता, हरियाली और नागरिक सुविधाओं पर ध्यान दिया जाएगा। यह योजना शहर की पहचान को सुधारने और नागरिकों में गर्व की भावना बढ़ाने के लिए है।
फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। नगर निगम ने शहर के प्रवेश द्वारों के सौंदर्यीकरण की योजना तैयार की है। इसके तहत प्रमुख प्रवेश द्वारों को नया रूप दिया जाएगा। इसके लिए विशेष कॉन्सेप्ट प्लान व विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी। जिससे शहर में बाहर से आने-जाने वालों को बेहतर अनुभव मिल सकेगा। स्मार्ट सिटी के अधिकतर प्रवेश द्वार फिलहाल उपेक्षित हालत में हैं। पलवल से फरीदाबाद की तरफ के प्रवेश द्वार की बात हो या बदरपुर बोर्ड से शहर में प्रवेश कर रहे हो लगभग सभी जगह साइन बोर्ड पुराने या टूटे हुए हैं, रोशनी की व्यवस्था नहीं है, हरियाली का अभाव बना हुआ है।
कुछ स्थानों पर अव्यवस्थित ट्रैफिक और अतिक्रमण के कारण शहर की छवि खराब हाे रही है। साफ-सफाई और सौंदर्य के मानकों पर भी ये प्रवेश द्वार खरे नहीं उतर रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने शहर के मुख्य मार्गों और सीमाओं पर स्थित प्रवेश द्वारों को नए स्वरूप में विकसित करने की तैयारी की है। इसमें हरियाली, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, साइन बोर्ड, कलात्मक संरचनाएं और नागरिक सुविधाओं को शामिल करने की योजना है। जल्द होगा सर्वे शरू योजना के तहत प्रथम चरण में शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों का सर्वे कर उनकी मौजूदा स्थिति का आकलन किया जाएगा। इसके बाद विशेषज्ञों की मदद से ऐसा डिजाइन तैयार किया जाएगा, जो शहर की संस्कृति, पहचान और आधुनिक जरूरतों को दर्शाए। योजना में ट्रैफिक सुगमता, पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सौंदर्य तत्वों का संतुलन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जाएगा। नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि इस पहल से न केवल शहर का बाहरी स्वरूप सुधरेगा, बल्कि नागरिकों में अपने शहर के प्रति गर्व की भावना भी मजबूत होगी। साथ ही निवेशकों और पर्यटकों पर भी इसका सकारात्मक असर पड़ेगा। बेहतर प्रवेश द्वार शहर को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। हरित क्षेत्र को दी जाएगी प्राथमिकता अधिकारियों ने बताया कि सौंदर्यीकरण कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा, जिससे यातायात और आम जनजीवन पर कम असर पड़े। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए हरित क्षेत्र को प्राथमिकता दी जाएगी। पौधरोपण, हरित पट्टियां और पर्यावरण अनुकूल सामग्री के उपयोग पर भी ध्यान दिया जाएगा। नगर निगम का उद्देश्य फरीदाबाद को एक स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना है। प्रवेश द्वारों के सौंदर्यीकरण की यह योजना उसी दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है। आने वाले समय में इसके तहत अलग-अलग हिस्सों में बदलाव देखने को मिलेंगे, जिससे फरीदाबाद की पहचान और बेहतर होगी। - डॉ. गौरव अंतिल, अतिरिक्त आयुक्त, नगर निगम

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




