Hindi NewsNcr NewsFaridabad NewsFaridabad Municipal Corporation Initiates Private Agency Selection for Efficient Waste Collection
शहरभर का कूड़ा निजी एजेंसी के उठवाने की तैयारी

शहरभर का कूड़ा निजी एजेंसी के उठवाने की तैयारी

संक्षेप:

फरीदाबाद नगर निगम ने शहर में कूड़ा उठाने के लिए निजी एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। नागरिकों को बेहतर और समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। नई व्यवस्था से सफाई में सुधार और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में कमी की उम्मीद है।

Feb 02, 2026 09:06 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share Share
Follow Us on

फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। नगर निगम ने शहर में कूड़ा उठाने के लिए निजी एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत टेंडर जारी किया गया है, जिससे घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर और समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराना है। शहर में सफाई व्यवस्था का हाल काफी खराब है। आये दिनों सड़कों के किनारे कूड़े का ढेर लगा रहते हैं। वहीं, दूसरी तरफ इसी माह शहर में स्वच्छता सर्वेक्षण शुरू होने वाला है। इसे लेकर निगम की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग हासिल करने के लिए वार्ड-वार सत्यापित डाटाबेस तैयार किया जा रहा है, जिसमें घरों, दुकानों, संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे की मात्रा, संग्रहण समय और निस्तारण प्रक्रिया का पूरा विवरण दर्ज होगा। इससे सफाई व्यवस्था की निगरानी आसान होगी और कार्यों में पारदर्शिता आएगी। निगम ने सभी वार्ड पार्षदों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यरत कचरा संग्रहण वेंडरों का पंजीकरण सुनिश्चित कराएं। इससे अनधिकृत वेंडरों पर रोक लगेगी और सफाई व्यवस्था एकीकृत रूप से संचालित की जा सकेगी। पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित निजी एजेंसी के माध्यम से पूरे शहर में एक समान प्रणाली लागू की जाएगी, जिससे नागरिकों को नियमित और भरोसेमंद सेवा मिल सके। निगम अधिकारियों का कहना है कि निजी एजेंसी के चयन से आधुनिक तकनीक और संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव होगा। जीपीएस ट्रैकिंग वाले वाहन, तय समय-सारिणी और डिजिटल निगरानी व्यवस्था से कचरा उठाने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी। साथ ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण, कंपोस्टिंग और रिसाइक्लिंग को बढ़ावा मिल सके। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि कई क्षेत्रों में अब तक अनियमित कचरा उठान की समस्या रहती थी, जिससे सड़कों पर गंदगी और दुर्गंध फैलती थी। नई व्यवस्था से सफाई व्यवस्था में सुधार होगा और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में भी कमी आने की उम्मीद है। -- वर्जन शहर में कूड़ा उठाने के लिए निजी एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द एजेंसी को काम सौंप दिया जाएगा। लोगों से अपील है कि वे घरों में ही कचरे का अलग-अलग कर, निर्धारित समय पर कचरा वाहन को सौंपें। इस योजना के सफल क्रियान्वयन से फरीदाबाद को स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी और स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 में शहर बेहतर स्थान हासिल कर सकेगा। - डॉ. गौरव अंतिल, अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम