सेक्टर-11 में अवैध तरीके से बने दो बैंक्वेट हॉल पर बुलडोजर चला
फरीदाबाद में नगर निगम ने सेक्टर-11 में अवैध रूप से बने दो बैंक्वेट हॉल को ध्वस्त कर दिया। शनिवार को भी बड़ी कार्रवाई की योजना है, जिसके लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। निर्माण कार्य बिना स्वीकृति के चल रहा था, जिसके खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखा।

फरीदाबाद, धनंजय चौहान। सेक्टर-11 में अवैध तरीके से बने दो बैंक्वेट हॉल पर नगर निगम ने शुक्रवार को बुलडोजर चला दिया। शनिवार को भी शहर में बड़ी कार्रवाई की तैयारी है। इसके लिए पुलिस प्रशासन की ओर से बाकायदा ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। हालांकि, पुलिस और निगम अधिकारियों ने यह स्पष्ठ नहीं किया है यह तोड़फोड़ किन इलाकों में होगी। ऐसे में पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है।
नगर निगम की कार्रवाई
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार सेक्टर-11 में बनाए जा रहे बैंक्वेट हॉल में बिना स्वीकृति निर्माण कार्य किया जा रहा था। निगम की ओर से पहले संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर निर्माण रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्माण जारी रहने पर प्रवर्तन शाखा ने कार्रवाई अमल में लाई। टीम ने जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से भवन के कई हिस्सों को तोड़ दिया। इसी क्षेत्र में स्थित सजन वाटिका बैंक्वेट हॉल में भी अवैध निर्माण और मानकों के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई की गई। निगम की टीम सुबह ही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई थी। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के चलते स्थिति नियंत्रण में रही। तोड़फोड़ के दौरान एक महिला भावुक होकर निगम अधिकारियों से कार्रवाई रोकने की अपील करती नजर आई। महिला रोते हुए कहती रही कि उसके भाई ने मेहनत से यह भवन तैयार किया है। महिला के विरोध का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। वहीं निगम टीम ने सेक्टर-37 में भी अवैध निर्माणाधीन भवन के खिलाफ कार्रवाई की।
यातायात स्थिति
दोपहर दो बजे तक आज ये मार्ग बंद रहेंगे
नगर निगम की ओर से संभावित बड़ी तोड़फोड़ कार्रवाई और कानून-व्यवस्था ड्यूटी के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के अनुसार 29 मई रात 2 बजे से 30 मई दोपहर 2 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि मेट्रो मोड़ से ईएसआई चौक, मस्जिद चौक होते हुए सैनिक कॉलोनी लालबत्ती तक जाने वाला मार्ग अस्थायी रूप से बंद रहेगा। इसके अलावा डीसीपी एनआईटी कार्यालय से मुल्ला होटल जाने वाला रास्ता और चिमनी बाई चौक भी बंद रहेंगे। इन क्षेत्रों में सभी दिशाओं से वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
वैकल्पिक मार्ग
इन वैकल्पिक मार्गों से होकर जाएं
यातायात एडवाइजरी के अनुसार शनिवार दोपहर दो बजे तक गुरुग्राम की ओर जाने वाले भारी और सामान्य वाहनों को बड़खल, अंखीर चौक, एमवीएन चौक और पाली रोड होकर निकाला जाएगा। वहीं हल्के वाहनों के लिए बीके चौक, 4-5 चौक, पटेल चौक, बड़खल गांव रोड और सैनिक कॉलोनी होते हुए गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड का वैकल्पिक मार्ग तय किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने प्रतिबंधित मार्गों पर नाकाबंदी कर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी है। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक भीड़भाड़ से बचें, यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस के दिशा-निर्देशों का सहयोग करें।
शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार को सेक्टर-11 और 37 में तोड़फोड़ की गई।यह कार्रवाई शनिवार को भी जारी रहेगी। इसके लिए पुलिस फोर्स मांगी गई है।
-हितेश दहिया, एसडीओ, नगर निगम
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


