पेयजल-सीवर कनेक्शन के लिए 175 आवेदन आए
फरीदाबाद में शुक्रवार को सरकार की नई वॉटर पॉलिसी के तहत पेयजल और सीवर कनेक्शन के लिए विशेष कैंप लगाए गए। नगर निगम ने 178 आवेदन प्राप्त किए, जिनमें से 95 पर्वतीय कॉलोनी में आए। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने कनेक्शन वैध कराएं ताकि भविष्य में कोई परेशानी न हो।

फरीदाबाद। सरकार की नई वॉटर पॉलिसी के तहत शुक्रवार को शहर में पेयजल और सीवर कनेक्शन के लिए विशेष कैंप लगाए गए। नगर निगम द्वारा लगाए गए कैंपों में पौने दो सौ आवेदन प्राप्त हुए। लोगों को एक ही जगह सुविधा मिलने से काफी राहत मिली। निगम की अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा के मुताबिक हरियाणा सरकार की नई वॉटर पॉलिसी के तहत नागरिकों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से नगर निगम फरीदाबाद ने शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष कैंप लगाए। इन कैंपों में पेयजल और सीवर कनेक्शन को वैध कराने और नए कनेक्शन लेने की सुविधा दी गई। इन कैंपों में कुल 178 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सबसे अधिक 95 आवेदन पर्वतीय कॉलोनी बूस्टर पर लगे कैंप में आए।
सलोनी शर्मा ने कहा कि सरकार की नई वॉटर पॉलिसी का लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए यह पहल की गई है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जल्द से जल्द अपने पेयजल और सीवर कनेक्शन वैध कराएं, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि कैंपों के जरिए लोगों को निगम कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह और कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार ने कैंपों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कैंपों में मौके पर ही आवेदन स्वीकार किए गए और आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया।सेक्टर-10 निवासी अजय सिंघल ने कहा कि कैंप में काम बेहद आसान तरीके से हो रहा है और समय की बचत हो रही है। वहीं सेक्टर-7 निवासी अमित कुमार ने इसे अच्छी पहल बताते हुए कहा कि एक ही स्थान पर फाइल मंजूर हो जाना आम लोगों के लिए बड़ी राहत है। नगर निगम द्वारा बल्लभगढ़ की भाटिया कॉलोनी, सेक्टर-7 वार्ड कार्यालय, ओल्ड फरीदाबाद अशोका एन्क्लेव, पर्वतीय कॉलोनी बूस्टर और मुजेसर गांव में कैंप लगाए गए। अधिकारियों ने बताया कि इन स्थानों पर आगे भी कैंप लगाए जाएंगे। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




