रात में सड़कों पर सुरक्षित सफर की तैयारी

Jan 18, 2026 10:26 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share Share
Follow Us on

फरीदाबाद में रात में यात्रा करने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। एफएमडीए प्रमुख सड़कों पर थर्मोप्लास्टिक रोड मार्किंग, रोड स्टड और डेलिनेटर लगाने जा रहा है। इससे वाहन चालकों को बेहतर दृश्यता मिलेगी और दुर्घटनाएं कम होंगी। यह कदम शहर में बढ़ते यातायात और दुर्घटनाओं को देखते हुए उठाया जा रहा है।

रात में सड़कों पर सुरक्षित सफर की तैयारी

फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। शहर की मुख्य सड़कों पर रात में सफर करने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण की ओर से सड़कों पर थर्मोप्लास्टिक रोड मार्किंग, रोड स्टड, डेलिनेटर और अन्य सुरक्षा संकेतक लगाए जाएंगे, जिससे वाहन चालकों को अंधेरे में वाहन चलाने में आसानी होगी। इससे दुर्घटनाएं रोकने में भी मदद मिलेगी। स्मार्ट सिटी में करीब 30 मीटर चौड़ी 44 सड़के फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) के अंतर्गत आती हैं। इनमें से अधिकांश सड़कों पर लेन मार्किंग धुंधली हो चुकी है या पूरी तरह मिट गई है। सबसे ज्यादा खराब हालत हार्डवेयर-सोहना रोड, ग्रेटर फरीदाबाद स्थित मास्टर रोड, सेक्टर-28 रोड बीके-नीलम-हार्डवेयर रोड, सहित अनेक सड़कों की बनी हुई है, जिससे रात के समय और तेज गति वाले मार्गों पर वाहन चालकों को परेशानी होती है।

वाहन चालकों को सड़के ठीक से नजर नहीं आती है। वहीं शहर में घना कोहरा पड़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा काफी बढ़ गया है। ऐसे में कई बार डिवाइडर से गाड़ी टकरा जाती है तो कभी फुटपाथ पर गाड़ी चढ़ जाती है।पिछले दिनों ऐसे कई हादसे भी हो चुके हैं, जिन्हें देखते हुए एफएमडीए ने प्रमुख सड़कों पर सुरक्षित बनाने की तैयारी की है। सड़कों पर ये किए जाएंगे काम योजना के तहत सड़कों पर नई थर्मोप्लास्टिक मार्किंग की जएगी। इससे न केवल सड़के अधिक टिकाऊ बनेंगी, बल्कि बारिश और अंधेरे में भी बेहतर दृश्यता प्रदान करेंगी। इसके अलावा, रोड स्टड और डेलिनेटर लगाने से मोड़ों, डिवाइडर और संवेदनशील स्थानों पर सड़क की दिशा स्पष्ट रहेगी। शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और दुर्घटनाओं के आंकड़ों को देखते हुए यह कदम अहम माना जा रहा है। खासकर स्कूल, अस्पताल, बाजार क्षेत्र और मुख्य चौराहों के आसपास सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा। प्रशासन का दावा है कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान चरणबद्ध तरीके से पूरे शहर में लागू किया जाएगा। इसके पूरा होने के बाद फरीदाबाद की प्रमुख मास्टर सड़कों पर यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु होने की उम्मीद है। शहर की कई मास्टर सड़कों पर रोड मार्किंग धुंधली या पूरी तरह मिट चुकी है, जिससे वाहन चालकों को लेन समझने में परेशानी होती है। रात के समय और बारिश में विजिबिलिटी बेहद कमजोर हो जाती है। कई जगह रोड स्टड और डेलिनेटर न होने से मोड़ों व चौराहों पर हादसों का खतरा बना रहता है। सुधार कार्य से ट्रैफिक अनुशासन बेहतर होगा और वाहन चालकों व पैदल यात्रियों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी। - केएस पठानिया, कार्यकारी अभियंता, एफएमडीए

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।