
मेवला महाराजपुर स्वास्थ्य केंद्र में ऑपरेशन थियेटर बनाने की तैयारी
फरीदाबाद के सेक्टर-45 में मेवला महाराजपुर स्वास्थ्य केंद्र में जल्द ही ऑपरेशन थियेटर और डिलीवरी हट का निर्माण किया जाएगा। इससे गर्भवतियों को बीके अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा। स्वास्थ्य केंद्र में पहले से ही ओपीडी सेवाएं चल रही हैं और डिलीवरी हट की योजना से क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार होगा।
फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। सेक्टर-45 में मेवला महाराजपुर के नाम स्थित स्वास्थ्य केंद्र में जल्द ही ऑपरेशन थियेटर एवं डिलीवरी हट बनाया जाएगा। इसे लेकर प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। स्वास्थ्य निदेशालय से स्वीकृति मिलने के तुरंत बाद शुरू कर दिया जाएगा। मेवला महाराजपुर में ऑपरेशन थियेटर एवं डिलीवरी हट बनने के बनने से गांव के अलावा सेक्टर-37, 30, 31, 45, ग्रीन फील्ड सहित कई क्षेत्रों की गर्भवतियों को डिलीवरी के लिए बीके अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा। बता दें कि सेक्टर-45 में मेवला महाराजपुर गांव और उसके आसपास स्थित कॉलोनियों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए चार मंजिला 50 बेड का स्वास्थ्य केंद्र बनाया गया है।

स्वास्थ्य केंद्र को अब आमजन के लिए शुरू कर दिया गया है। इसमें चिकित्सा सुविधाओं को लगातार बढ़ाया जा रहा है। दो चिकित्सकों को डेपुटेशन लगाकर ओपीडी सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य सुविधाओं को जुटाया जा रहा है। इस क्रम में मेवला महाराजपुर के इस स्वास्थ्य केंद्र में सबसे पहले डिलीवरी हट शुरू किया जाएगा। यह डिलीवरी हट स्वास्थ्य केंद्र की पहली मंजिल पर बनाया जाएगा। इसे लेकर स्वास्थ्य केंद्र के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. आकांक्षा तंवर ने उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर डिलीवरी हट शुरू कराने की मांग की है। इसके साथ उन्होंने चिकित्सकसें, उपकरण सहित आवश्यक वस्तुओं की मांग की है। आने वाले समय क्षेत्र की गर्भवतियों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधा रहेगी। उन्हें बीके अस्पताल की ओपीडी की लंबी लाइन सहित अन्य तरह की परेशानियों से छुटकारा मिल जाएगा। ------ ऑपरेशन से डिलीवरी संभव हो सकेगी मेवला महाराजपुर के स्वास्थ्य केंद्र में अत्याधुनिक ऑपरेशन थियेटर भी बनाया जाएगा। इसकी भी मांग वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. आकांक्षा तंवर ने की हुई है। ऑपरेशन थियेटर की शुरुआत डिलीवरी से होगी। शुरुआत में यदि किसी गर्भवती की डिलीवरी ऑपरेशन से करनी होगी तो उसे बीके अस्पताल रेफर नहीं किया जाएगा। स्वास्थ्य केंद्र में ऑपरेशन से डिलीवरी संभव हो सकेगी। इसके बाद अन्य ऑपरेशन जैसे मोतियाबिंद, भगंदर, पाइल्स, हर्निया जैसे ऑपरेशन भी शुरू किए जाएंगे। ------ अभी यह सुविधा मिल रही मेवला महाराजपुर के इस स्वास्थ्य केंद्र में केवल ओपीडी सेवाएं ही चलाई जा रही है। यह सुविधा भी डेपुटेशन पर आए चिकित्सकों के दम चलाई जा रही है। यहां पर चार चिकित्सकों के पद स्वीकृत हैं। इनमें से मात्र दो चिकित्सक ओपीडी में सुविधाएं दे रहे हैं। इसके अलावा यहां पर बच्चों एवं गर्भवतियों का टीकाकरण होता है। डिलीवरी नहीं होती है। ----- प्रयास है कि मेवला महाराजपुर के अलावा सेक्टर-45 सहित कई क्षेत्रों के निवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा दी जाए। इसके लिए डिलीवरी हट शुरू करने की योजना का काम चल रहा है। संभवतया इसमें छह से आठ महीने का समय लगेगा। इसके अलावा ऑपरेशन थियेटर भी शुरू करने की योजना है। शुरुआत में ऑपरेशन वाली डिलीवरी कराई जाएंगी। बाद में सुविधाएं बढ़ाएंगे। -डॉ. आकांक्षा तंवर, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




