पेयजल और सीवर कनेक्शन शुल्क देकर वैध करा सकेंगे

पेयजल और सीवर कनेक्शन शुल्क देकर वैध करा सकेंगे

संक्षेप:

फरीदाबाद में अवैध पानी और सीवर कनेक्शनों को नियमित करने के लिए नई वाटर पॉलिसी 2025 लागू की जाएगी। शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जहाँ नागरिकों को सुविधाएँ प्रदान की जाएंगी। कनेक्शन के लिए आवश्यक दस्तावेज और शुल्क निर्धारित किए गए हैं। अवैध कनेक्शन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Dec 11, 2025 10:39 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share

फरीदाबाद, मुख्य संवाददाता। शहर में पानी-सीवर के अवैध कनेक्शन नियमित किए जाएंगे। प्रदेश सरकार की नई वाटर पॉलिसी 2025 के तहत यह अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए जोन स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। गुरुवार को नगर निगम की अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। नगर निगम की अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने बताया कि नई वाटर पॉलिसी लागू होने से नागरिकों को पानी और सीवर कनेक्शन पाने में कोई दिक्कत नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि आमजन को तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवा देने के लिए कागजी प्रक्रिया सरल की गई है। अवैध कनेक्शन वालों को भी अब आसानी से कनेक्शन वैध कराने का मौका मिलेगा।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

निगम ने स्पष्ट किया है कि आवेदन करते समय दस्तावेजों की जांच संबंधित कैंप में ही की जाएगी। ----- निगम ने तय किए दस्तावेज और शुल्क निगम के अनुसार, कनेक्शन लेने के लिए रजिस्ट्री, ट्रांसफर लेटर, अलॉटमेंट लेटर, जीटीपी, ओएसडी, रजिस्टर्ड वसीयत, कोर्ट डिक्री, बैंक पासबुक, वोटर आईडी या कोई मान्य पहचान पत्र जरूरी होगा। इसके अलावा शुल्क में पानी कनेक्शन 1000 रुपये, सीवर कनेक्शन 500 रुपये, मीटर टेस्टिंग 100 रुपये, जबकि कॉमर्शियल 200 रुपये निर्धारित हैं। पानी का मीटर लगाना अनिवार्य होगा, जिसका खर्च उपभोक्ता को खुद वहन करना होगा। खास बात यह है कि रोड कट चार्जेस पूरी तरह माफ किए गए हैं। इसके अलावा प्लम्बर की फीस उपरोक्त शुल्क से अलग होगी। -------- शिविरों में मौके पर समाधान होगा अतिरिक्त निगमायुक्त के अनुसार किसी भी नागरिक को फाइल या प्रक्रिया के लिए चक्कर न लगाने पड़ें। इसी के तहत हर शिविर में जेई, पटवारी, फिट्टर, क्लर्क और कंप्यूटर ऑपरेटर तैनात रहेंगे। कनेक्शन से संबंधित जांच, दस्तावेज़ देखकर सत्यापन और आवेदन की प्रक्रिया वहीं पूरी की जाएगी। शिविरों का उद्देश्य लोगों को सुविधा देना और पुरानी जटिल प्रक्रिया से छुटकारा दिलाना है। जो उपभोक्ता लंबे समय से कनेक्शन बदलवाने या वैध कराने में परेशानी का सामना कर रहे थे, उनके लिए ये कैंप विशेष राहत साबित होंगे। --------- अवैध के कनेक्शन वालों पर होगी कार्रवाई नगर निगम के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन अभी भी अवैध हैं, वे कैंप में जाकर प्रक्रिया पूरी कर लें। नई पॉलिसी के बाद अवैध कनेक्शन पर सख्त कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा। इसलिए लोग निर्धारित तिथियों में अपने क्षेत्र के शिविर में पहुंचकर कनेक्शन नियमित कराएं। गौरतलब है कि शहर में करीब साढ़े सात लाख प्रॉपर्टी आईडी हैं। जबकि पानी और सीवर के करीब दो लाख नियमित कनेक्शन हैं। ----------- पंजीकृत प्लम्बर की सूची तैयार होगी नगर निगम फरीदाबाद ने पानी और सीवर कनेक्शन से जुड़े काम सुचारू रूप से चलाने के लिए पंजीकृत प्लंबरों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है। निगम ने आईटीआई (फिटर/प्लंबिंग) या प्लंबिंग के मान्यता प्राप्त कोर्स करने वाले इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं। अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने कहा कि प्लंबरों की संख्या बढ़ने से कनेक्शन से जुड़े कार्य तेजी से पूरे होंगे और लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। आवेदन निगम मुख्यालय एनआईटी फरीदाबाद स्थित कार्यकारी अभियंता कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं। ----------- शिविर में 12 शिकायतों का निपटारा प्रॉपर्टी आईडी ठीक करने के लिए नगर निगम जोनों में लगाए जा रहे साप्ताहिक शिविरों के आयोजन का सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहा। चंदावली गांव स्थित निगम कार्यालय में आयोजित शिविर में संयुक्त आयुक्त करण सिंह भदौरिया ने लोगों की शिकायतें सुनीं और उनमें से 12 शिकायतों का तुरंत समाधान कराया। शिविर में कुल 15 शिकायतें आईं, जिनमें 3 प्रॉपर्टी आईडी से जुड़ी समस्याएं विभाग को भेज दी गईं। खेड़ी खुर्द, मच्छगर और सोतई के लोगों ने कहा कि कैंप से उन्हें बड़ा लाभ मिला है। इस दौरान अधिकारी विनोद गुलाटी, पार्षद संजीव कुमार और मनोज वशिष्ठ भी मौजूद रहे।