Faridabad News: ग्रीनफील्ड बिजलीघर दो महीने में बनकर तैयार होगा
Faridabad News: फरीदाबाद, केशव भारद्वाज-। ग्रीनफील्ड कॉलोनी स्थित 66केवी बिजलीघर का निर्माण कार्य सितंबर तक पूरा

Faridabad News: फरीदाबाद, केशव भारद्वाज-। ग्रीनफील्ड कॉलोनी स्थित 66केवी बिजलीघर का निर्माण कार्य सितंबर तक पूरा हो सकेगा। हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड ने इस बिजलीघर को शुरू करनेके लिए नया लक्ष्य निर्धारित किया है। पहले इस बिजलीघर का निर्माण कार्य गत वर्ष मई तक पूरा होना था।
निर्माण स्थिति
बिजलीघर को लेकर विभाग द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट के अनुसार इस निर्माणाधीन बिजलीघर के कंट्रोल रूम भवन का निर्माण कार्य लगभग 70 प्रतिशत, ढांचागत नींव 97 प्रतिशत, ट्रांसफार्मर के चबूतरे 100 प्रतिशत, चाहरदीवारी 80 प्रतिशत, ओडीसीटी का कार्य 90 प्रतिशत और सड़क निर्माण 75 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। हालांकि, साइट की जमीन को समतल कर पक्का करने और पानी निकासी का कार्य अभी तक शुरू नहीं हो सका है। इसके अलावा कंट्रोल रूम के फर्श का कार्य पूरा हो चुका है। जबकि रंगाई-पुताई कार्य जारी है। इसके अलवा चेकर प्लेट लगाने, यूसी की घेराबंदी, चाहरदीवारी का शेष हिस्सा, प्रवेश द्वार और कई अन्य महत्वपूर्ण कार्य अभी तक शुरू भी नहीं हो सके हैं। वहीं 50 मीटर कंक्रीट रोड और नाली को ढंकने का कार्य आंशिक रूप से हुआ है।
निर्माण कार्य की प्रगति
हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के निदेशक (परियोजना) ने तीन जुलाई को निर्माण स्थल का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इस बिजलीघर को लेकर अपनी रिपोर्ट तैयार की थी। उन्होंने बिजलीघर के धीमी गति से किए जा रहे निर्माण कार्य पर चिंता भी जताई थी। उनका कहना था कि बिजलीघर के निर्माण की अवधि पहले ही पूरी हो चुकी है। इसके बाद निर्माण करने वाली कंपनी इस बिजलीघर के निर्माण कार्य को तेजी से नहीं कर पा रही है। विभागीय अधिकारियाें और बिजलीघर का निर्माण कार्य करने वाली कंपनी के अधिकारियों के बीच हुई बातचीत के बाद इस बिजलीघर के निर्माण कार्य सितंबर तक पूरा करने की समयावधि तय की गई है।
बिजलीघर के लाभ
-----------------
सेक्टर-46 बिजलीघर ओवरलोड मुक्त होगा:
ग्रीनफील्ड कॉलोनी में लंबे समय से बिजलीघर की जरूरत थी, लेकिन बिजलीघर पर बजट पर गतिरोध की वजह से इस बिजलीघर का काम वर्षों से शुरू नहीं हो पा रहा था। वर्ष 2024 के फरवरी में बिजलीघर का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। 11 मई 2025 तक इसका निर्माण कार्य पूरा किया जाना था। अब सितंबर तक इसका कार्य पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। यदि सितंबर तक यह कार्य पूरा हो जाता है तो सेक्टर-46 बिजलीघर भी ओवरलोड मुक्त हो जाएगा। इससे ग्रीनफील्ड कॉलोनी के अलावा सेक्टर-21सी, सेक्टर-45, 46 सहित कई अन्य इलाकों में बिजली आपूर्ति में सुधार होगा। गर्मी के मौसम में मांग और आपूर्ति में अंतर आने पर होने वाला बिजली संकट लगभग समाधान खत्म हो जाएगा。
----------


