शहर में साइकिल ट्रैक बनाया जाएगा
फरीदाबाद में चंडीगढ़ में हुई उच्च स्तरीय बैठक में शहर की 100 किलोमीटर सड़कों और साइकिल ट्रैक बनाने की योजना को मंजूरी दी गई। नीमका में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और 24 घंटे जलापूर्ति से जुड़े कार्यों पर भी चर्चा की गई। निगमायुक्त ने जल्द वर्क ऑर्डर जारी करने की जानकारी दी।

फरीदाबाद। शहर के विकास को लेकर चंडीगढ़ में हुई उच्च स्तरीय बैठक में कई बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। शहर की करीब 100 किलोमीटर सड़कों के साथ साइकिल ट्रैक बनाने की योजना को हरी झंडी दी गई है। इसके साथ ही नीमका में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और 24 घंटे जलापूर्ति की दिशा में भी अहम फैसला लिया गया है। जारी बयान में निगमायुक्त ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में हुई बैठक में नगर निगम से जुड़ी विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें राइट ऑफ वे योजना के तहत सड़कों के किनारे ड्रेन, फुटपाथ, स्ट्रीट लाइट और साइकिल ट्रैक विकसित किए जाएंगे।
इसके लिए पुणे की एक डिजाइन कंपनी द्वारा डीपीआर तैयार की जाएगी। अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत पेयजल, सीवरेज लाइन, पार्क और 24 घंटे पानी की आपूर्ति से जुड़े कार्यों की योजना बनाई जाएगी। इसके लिए कंसल्टेंट नियुक्त करने की मंजूरी दी गई है। नीमका गांव में प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए आर्किटेक्ट फर्म चयन की प्रक्रिया शुरू होगी। इस परियोजना पर करीब 70 करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है, जिसमें क्रिकेट, स्विमिंग पूल सहित कई खेल सुविधाएं होंगी। निगम अधिकारियों के अनुसार सभी स्वीकृत परियोजनाओं के लिए जल्द वर्क ऑर्डर जारी किए जाएंगे, जिससे शहर के विकास को नई गति मिलेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




