जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक
फरीदाबाद में कांग्रेस की मासिक बैठक में संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने और मतदाता सूची पुनरीक्षण पर ध्यान देने की बात की गई। जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में स्थानीय समस्याओं को उठाने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति पर चर्चा हुई।

फरीदाबाद, सरसमल। जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक बुधवार को सेक्टर-9 स्थित जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान पर नजर रखने और जनसमस्याओं को लेकर सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया गया। साथ ही नेहरू कॉलोनी में हुई तोड़फोड़ की कार्रवाई को लेकर भी चिंता जताई गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने की, जबकि संचालन प्रधान महासचिव अशोक रावल ने किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी रखी। बैठक में बूथ प्रबंधन को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की रणनीति पर चर्चा हुई।
नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहें और किसी भी तरह की गड़बड़ी की जानकारी पार्टी संगठन तक पहुंचाएं। जिला अध्यक्ष ने ब्लॉक स्तर पर नियुक्त प्रभारियों से संगठनात्मक गतिविधियों की रिपोर्ट जिला कार्यालय में जमा कराने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यकर्ताओं द्वारा उठाए गए स्थानीय मुद्दों को संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा, जबकि पार्टी से जुड़े मामलों की जानकारी प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाई जाएगी। बैठक में जनसमस्याओं को लेकर भविष्य की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और जनता के बीच संगठन की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में जिला कांग्रेस के कई पदाधिकारी, प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


