कॉलेज छात्रों को एआई पढ़ाने की तैयारी, पाठ्यक्रम को मंजूरी के लिए भेजा

Mar 01, 2026 10:32 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share Share
Follow Us on

फरीदाबाद के पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र से आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) विषय की पढ़ाई शुरू करने की तैयारी की जा रही है। कॉलेज ने प्रस्ताव उच्चतर शिक्षा विभाग को भेजा है। एआई कोर्स से विद्यार्थियों को डाटा एनालिटिक्स और मशीन लर्निंग जैसी तकनीकों की जानकारी मिलेगी।

कॉलेज छात्रों को एआई पढ़ाने की तैयारी, पाठ्यक्रम को मंजूरी के लिए भेजा

फरीदाबाद। पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र से आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) विषय की पढ़ाई शुरू करने की तैयारी चल रही है। कॉलेज प्रबंधन ने एआई पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए प्रस्ताव उच्चतर शिक्षा विभाग को भेज दिया है। विभागीय मंजूरी मिलते ही आगामी सत्र से विद्यार्थियों को इस आधुनिक और रोजगारोन्मुख विषय की पढ़ाई का अवसर मिलेगा। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि बदलते तकनीकी दौर में एआई की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में विद्यार्थियों को नई तकनीकों से जोड़ने और उन्हें प्रतिस्पर्धी बनाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। बता दें कि कॉलेज के मॉडल संस्कृति योजना में शामिल होने के बाद यह पहला अवसर होगा जब कोई नया कोर्स शुरू किया जाएगा।

योजना के तहत कॉलेज में आधारभूत ढांचे और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के प्रयास किए गए हैं। एआई कोर्स की शुरुआत को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। एआई विषय से विद्यार्थियों को डाटा एनालिटिक्स, मशीन लर्निंग और ऑटोमेशन जैसे क्षेत्रों की बुनियादी जानकारी मिलेगी। इससे वे आईटी और तकनीकी क्षेत्र में बेहतर करियर विकल्प चुन सकेंगे। विभागीय मंजूरी का इंतजार कॉलेज प्रबंधन द्वारा भेजे गए प्रस्ताव में पाठ्यक्रम की रूपरेखा, आवश्यक फैकल्टी और संसाधनों का विवरण शामिल है। उच्चतर शिक्षा विभाग से मंजूरी मिलने के बाद प्रवेश प्रक्रिया और कक्षाओं का संचालन शुरू किया जाएगा। कॉलेज प्रशासन के अनुसार एआई कोर्स के लिए कंप्यूटर लैब को आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित किया जाएगा। साथ ही विषय विशेषज्ञों की नियुक्ति भी की जाएगी ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। नए भवन का निर्माण 95 प्रतिशत पूरा कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन नए भवन का कार्य लगभग 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है। निर्माण एजेंसी के अनुसार शेष कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। अगस्त में शुरू होने वाले नए शैक्षणिक सत्र से कक्षाएं नए भवन में संचालित करने की योजना है। नए भवन में आधुनिक कक्षाएं, स्मार्ट क्लासरूम, उन्नत प्रयोगशालाएं और बेहतर पुस्तकालय सुविधा उपलब्ध होगी। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण मिलेगा। विद्यार्थियों को मिलेगा आधुनिक माहौल कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि नए भवन और एआई जैसे आधुनिक कोर्स की शुरुआत से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा। इससे कॉलेज की पहचान भी मजबूत होगी और अधिक विद्यार्थी यहां दाखिला लेने के लिए आकर्षित होंगे। अभी केवल प्रस्ताव बनाकर भेजा है। मंजूरी का इंतजार है। यदि मंजूरी मिलती है तो नए सत्र से एआई शुरू कर देंगे। इसके अलावा नए भवन का निर्माण अब अंतिम चरणों में चल रहा है। 95 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो गया है। -डॉ. रुचिरा खुल्लर, प्राचार्य, नेहरू कॉलेज

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।