Faridabad News: नेहरू कॉलेज की इमारत दिसंबर तक बनाने का लक्ष्य
Faridabad News: फरीदाबाद के पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय के नए भवन का निर्माण कार्य दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। 95 प्रतिशत से अधिक काम हो चुका है। पुराने भवन की स्थिति जर्जर है, जिससे छात्रों को पढ़ाई में समस्या का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य में कई बार फंड का अभाव रहा।

Faridabad News: फरीदाबाद, अभिषेक शर्मा। सेक्टर-16 स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय के नए भवन का निर्माण कार्य दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यानी नए वर्ष में छात्र नई कक्षाओं में बैठकर पढ़ाई करेंगे। महाविद्यालय के नए भवन का 95 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है और फिलहाल फिनिशिंग का काम चल रहा है।
निर्माण कार्य की पृष्ठभूमि
बता दें कि वर्ष 2020 में नेहरू कॉलेज के नए भवन का निर्माण शुरू हुआ था। इस भवन का निर्माण वर्ष 2022 में पूरा होना था, लेकिन कोरोना की वजह से निर्माण कार्य बीच में रुक गया। इसके बाद करीब चार बार फंड के अभाव में काम रोका गया और कई महीनों तक निर्माण कार्य बंद रहा। इसके निर्माण को करीब छह वर्ष हो गए हैं, लेकिन अभी तक काम पूरा नहीं हो पाया है। लोक निर्माण विभाग ने जुलाई में भवन का निर्माण पूरा करने की अंतिम तिथि निर्धारित की थी। जुलाई बीते भी एक महीना हो गया है, लेकिन निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। छात्र अभी भी अपनी जान जोखिम में डालकर जर्जर भवन में पढ़ाई कर रहे हैं। लोक निर्माण विभाग ने अब नई समय सीमा निर्धारित की है। अब भवन का निर्माण दिसंबर तक पूरा होने की संभावना है। फिलहाल फर्नीचर लगाने का काम चल रहा है।
जर्जर भवन की स्थिति
वर्ष 2016 में जर्जर घोषित किया गया था
नेहरू कॉलेज के पुराने भवन को बने चार दशक से अधिक हो चुके हैं और इसकी कई बार मरम्मत भी हो चुकी है। इसके अलावा, यह भवन तीन से चार हजार विद्यार्थियों की क्षमता के हिसाब से उपयुक्त था। अब कॉलेज में करीब छह हजार विद्यार्थी पढ़ाई करते हैं और आने वाले वर्षों में विद्यार्थियों की संख्या 10 हजार तक पहुंचने की उम्मीद है। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए नया भवन 10 हजार विद्यार्थियों की क्षमता के हिसाब से बनाया जा रहा है।
छात्रों की कठिनाइयाँ
छह वर्षों में नए भवन का निर्माण पूरा नहीं होने से सबसे अधिक परेशानी विद्यार्थियों को उठानी पड़ रही है। विद्यार्थियों को अपनी जान जोखिम में डालकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। इसके अलावा, नेहरू कॉलेज के पुराने भवन के कई कमरे ऐसे हैं, जो बेहद जर्जर हो चुके हैं। यहां तक कि कुछ कमरों में विद्यार्थियों के जाने पर भी प्रतिबंध है।
फंड के अभाव में रुकावट
वर्ष 2020 में कॉलेज भवन का निर्माण कार्य समय पर चल रहा था। कोरोना के बाद भी कॉलेज का निर्माण कार्य निर्धारित समय के अनुसार चल रहा था। पहले इस कॉलेज का निर्माण करीब 43 करोड़ रुपये की लागत से किया जाना था। बजट के अभाव में वर्ष 2022 में काम रुक गया, जो करीब एक साल तक बंद रहा। पीडब्ल्यूडी ने बजट की कमी का हवाला देते हुए काम रोक दिया था और 12 करोड़ रुपये के अतिरिक्त बजट की मांग की थी। उच्चतर शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मौके का मुआयना करने के बाद बजट जारी हुआ और फिर से निर्माण कार्य शुरू हो पाया।
केवल फिनिशिंग का काम बाकी है। फिलहाल फर्नीचर लगाने का काम चल रहा है। सरकार ने भी जल्द से जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। दिसंबर तक निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है।
- रितिका गुप्ता, प्राचार्य, नेहरू कॉलेज


