
पर्वतीय कॉलोनी में छापेमारी कर सॉस के नमूने लिए
फरीदाबाद में मुख्यमंत्री उड़न दस्ते ने पर्वतीय कॉलोनी में एक घर पर छापेमारी की और सॉस के नमूने लिए। 270 लीटर खराब सॉस को फेंक दिया गया। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। सॉस बनाने वाले व्यक्ति के पास कोई वैध लाइसेंस नहीं था और वह मक्के के आटे और रंग का प्रयोग कर रहा था।
फरीदाबाद। मुख्यमंत्री उड़न दस्ते ने पर्वतीय कॉलोनी के घर में छापेमारी कर सॉस के नमूने लिए हैं। वहीं, खराब हालत में मिली 270 लीटर सॉस को फेंक दिया। सॉस के नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद विभाग द्वारा इस मामले में कार्रवाई होगी। मानकों को ताक पर रखकर सॉस बनाने की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री उड़न दस्ते के डीएसपी शाकिर हुसैन ने मंगलवार को दस्ते की एक टीम गठित की थी। जब यह टीम खाद्य सुरक्षा अधिकारी पुनीत शर्मा को लेकर पर्वतीय कॉलोनी की गली नंबर-दो में गांधी मौहल्ला पहुंची तो वहां पर सॉस बनाने का काम चल रहा था। यहां पर अशोक कुमार द्वारा घर के एक हिस्से में लाल सॉस और सोया सॉस बनवाई जा रही थी।
इस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी यहां सॉस बनवा रहे शख्स से लाइसेंस के बारे में पूछताछ की, लेकिन वह कोई वैध लाइसेंस पेश नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान सॉस बनाने वाले शख्स ने बताया कि वह मक्के के आटे और रंग का प्रयोग करते हुए सॉस बनाता है। इस सॉस को बाजार में छोटे दुकानदारों को बेचा जाता है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा लाल और सोया सॉस का एक-एक नमूना लिया गया है। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। इस दौरान दस्ते ने खाने योग्य न पाए जाने पर 130 लीटर लाल सॉस और 140 लीटर हरी सॉस को फेंक दिया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




