रिया ने तीरंदाजी प्रतियोगिता स्वर्ण और रोहित ने कांस्य पदक हासिल किया
फरीदाबाद के दो तीरंदाजों ने भुवनेश्वर में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी तीरंदाजी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। रिया तेवतिया ने स्वर्ण पदक और रोहित डागर ने कांस्य पदक जीते। रिया ने रिकर्व...

फरीदाबाद। भुवनेश्वर में संपन्न हुई ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी तीरंदाजी प्रतियोगिता में स्मार्ट सिटी के दो तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस प्रतियोगिता में स्मार्ट सिटी की ओर से चार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इसमें से रिया तेवतिया और रोहित डागर ही पदक जीतने में सफल रहे हैं। प्रतियोगिता 24 से 27 दिसंबर तक आयोजित की गई थी। जिला खेल विभाग के प्रशिक्षक दीपक अहलावत ने बताया कि रिया ने रिकर्व राउंड में हिस्सा लिया था और टीम प्रतिस्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया है। वह राज्य खेल परिसर में करीब पांच वर्षों से अभ्यास कर रही है। रिया ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व किया है। हालांकि ही पदक जीतने में सफल नहीं रही है। रिया ने फिलीपींस और बैंकॉक में संपन्न हुए एशिया कप में हिस्सा लिया था। इसके अलावा पिछले वर्ष खेलो इंडिया में कांस्य और जूनियर नेशनल तीरंदाजी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। रिया को इस मुकाम तक पहुंचाने में उनके पिता सतीश तेवतिया और मां विमला देवी का बहुत बड़ा योगदान है। वह रिया को अत्यधिक प्रोत्साहित करते हैं। इनकी मां दिल्ली सरकार के किसी सरकारी स्कूल में अध्यापक हैं। इन्होंने कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की ओर से प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। वहीं अंबाला के किसी महाविद्यालय से बीपीएड की पढ़ाई कर रही हैं।
354 अंक अर्जित कर जीता पदक
झाड़सेतली गांव के रहने वाले रोहित डागर अग्रवाल कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं और महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी से ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी तीरंदाजी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। इन्होंने कंपाउंड इवेंट में एकल प्रतिस्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया है। इन्होंने 360 में से 354 अंक प्राप्त किए। वह चार वर्षों ने सेक्टर दो स्थित कम्युनिटी सेंटर में नीरज यादव से प्रशिक्षण ले रहे हैं। इनके पिता मोहरपाल डागर और मां हरबती ने बधाई दी है। इससे पहले भी रोहित कई बार प्रतियोगिता में जिले का गौरव बढ़ा चुके हैं। इन्होंने पिछले वर्ष झारखंड में हुई सीनियर नेशनल तीरंदाजी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था, जबकि गुरुग्राम में संपन्न में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की टीम प्रतिस्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया था। रोहित ने जीत का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।