बेटी को खुदकुशी के लिए मजबूर किया गया: पिता
बल्लभगढ़ में जेसी बोस विश्वविद्यालय की 22 वर्षीय छात्रा वंशिका ने हॉस्टल में आत्महत्या कर ली। उसके पिता डॉक्टर अवीनाश ने आरोप लगाया है कि उसकी बेटी को मानसिक रूप से परेशान किया गया। उन्होंने पुलिस से...

बल्लभगढ़, संवाददाता। जेसी बोस विश्वविद्यालय में शनिवार को हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर जान देनी वाली 22 साल की वंशिका के पिता डॉक्टर अवीनाश ने बेटी को खुदकुशी के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। डॉक्टर अवीनाश ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनकी बेटी के मोबाइल की रिकॉर्डिंग और लैपटॉप की खोजबीन कर मौत का राज खुलना चाहिए। इधर,पुलिस ने स्पष्ट किया कि वंशिका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है। रेवाड़ी जिले के गांव मोटलाखुर्द निवासी डॉक्टर अवीनाश ने बताया कि उनकी बेटी कमजोर दिल की नहीं थी। उसे अवश्य ही दिमागी तौर इतना परेशान किया कि वह अपनी जान देने के लिए मजबूर हो गई।
उन्होंने बताया कि उनके गांव के सरपंच के जरिए गांव का एक व्यक्ति उनके पास पहुंचा है। जिसने बताया कि उनकी बेटी का लैपटॉप उनके गांव के ही एक युवक के पास है। वह उसे वहां से लेकर आ जाए। उन्होंने इस संदर्भ में लैपटॉप लाने से इंकार कर दिया। उन्होंने फरीदाबाद पुलिस से गुहार लगाई वह उनकी बेटी के लैपटॉप को बरामद कर यह जांच करें। कहा कि वह बेटी को इंसाफ दिलाने के उद्देश्य से कहीं तक भी जाने को तैयार है। फिलहाल उन्होंने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि वह उनकी इकलौती बेटी वंशिका की मौत के मामले में गंभीरता से जांच कर उन्हें इंसाफ दिलाए। विश्वविद्यालय में शोक सभा का आयोजन बल्लभगढ़, संवाददाता। जे.सी. बोस विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के शकुंतलम हॉल में सोमवार को सुबह 11:00 बजे, तृतीय वर्ष बी.टेक (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) की छात्रा वंशिका की स्मृति में एक शोक सभा का आयोजन किया गया। शोक सभा में कुलगुरु प्रो. सुशील कुमार तोमर, कुलसचिव प्रो. अजय रंगा, मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के अध्यक्ष प्रो. अरविंद गुप्ता और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। विश्वविद्यालय द्वारा वंशिका के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की गईं और दिवंगत छात्रा के स्मृति में विश्वविद्यालय में 11 अगस्त, 2025 को सभी शिक्षण गतिविधियों को स्थगित रखा गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




