बीके अस्पताल में मची अफरा-तफरी, सभी बेड हुए फुल

Feb 16, 2026 11:26 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share Share
Follow Us on

फरीदाबाद में एक वर्कशॉप में धमाके के बाद बीके अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। 35 लोग झुलस गए, जिनमें से कई को एस्कॉटर्स-फोर्टिज अस्पताल भेजा गया। प्रशासन और पुलिस ने घायलों की मदद के लिए व्यवस्था की। उपायुक्त ने हालात का जायजा लिया और प्राथमिकता घायलों के इलाज को बताया।

बीके अस्पताल में मची अफरा-तफरी, सभी बेड हुए फुल

फरीदाबाद, वरिष्ठ संवादाता। वर्कशॉप में धमाके के बाद बीके अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। एक के बाद एक झुलसे हुए लोगों को लाया जा रहा था। झुलसने वाले लोगों की संख्या का पता चलते बीके अस्पताल में बेड खाली करवा लिए गए। कुछ ही देर में यहां पर बेड फुल हो गए। इसके बाद यहां से घायलों को एस्कॉटर्स-फोर्टिज अस्पताल के लिए भेज दिया गया। करीब दो घंटे तक अस्पताल में घायलों की चीख-पुकार और एंबुलेंस के सायरनों का शोर मचा रहा। यहां पर व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया। यहां पर एंबुलेंस,पुलिसकर्मी और टैंपो आदि में झुलसे हुए लोगों को बीके अस्पताल लाया गया था।

यहां हालात को देखते हुए सिविल सर्जन जयंत आहूजा खुद व्यवस्था देखने में जुट गए। यहां भीड़भाड़ बढ़ते ही व्यवस्था बनाने के लिए अपराध शाखा, एनआईटी प्रभारी शीशपाल, एसजीएम नगर थाना एसएचओ सुनील कुमार और कमांडो दस्ता भी तैनात कर दिया गया। यहां हालात को देखते हुए कई डॉक्टरों की डयुटी लगाई गई थी। जब आपातकालीन विभाग के बेड फुल हो गए तो यहां पहुंचे झुलसे हुए लोगों को एस्कॉटर्स-फोर्टिज अस्पताल के लिए भेज दिया गया। इनकी संख्या करीब 23 रही। बेड के अभाव कुछ घायल बैंच पर बैठे भी नजर आए। उधर, वर्कशॉप में आग और धमाके में बड़ी संख्या में लोगों के झुलसने का पता चलते ही उपायुक्त आयुष सिन्हा हालात का जायजा लेने के लिए एस्काटर्स-फोर्टिज अस्पताल पहुंच गए। यहां पर करीब 20 लोगों को इलाज के लिए लाया गया था। उपायुक्त के अलावा डीसीपी हेडक्वार्टर अभिषेक जोरवाल और काफी संख्या में पुलिसकर्मी पहुंच गए थे। यहां पर झुलसे हुए लोगों के परिजन भी पहुंचे हुए थे। मुजेसर गांव से यहां पहुंचीं मंजू ने बताया कि उनका भांजा अशोक भी इस आगजनी की चपेट में आ गया है। उसे अपने भांजे से मिलने नहीं दिया जा रहा है। यहां से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर किया जा रहा था। बल्लभगढ़ के विधायक एवं पूर्व मंत्री मूलचंद शर्मा, पूर्व मंत्री सीमा त्रिखा भी यहां पर घायलों से मिलने पहुंचीं। यहां पर उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि उनकी प्राथमिकता घायलों का इलाज करवाना है। प्रशासन इंतजाम में जुटा हुआ है। आग लगने की वजह का बाद में पता लगाएंगे। ‘बीके अस्पताल में 12 लोग भर्ती हैं। बाकी को एस्कॉटर्स-फोर्टिज में भेजा गया है। केमिकल की आग से लोग झुलसे हैं। अभी तक 35 लोगों के झुलसने की सूचना है। अतिरिक्त डॉक्टर ड्यूटी पर लगाए गए हैं। एंबुलेंस भी झुलसे हुए लोगों को लाने में जुटी हैं’ जयंत आहूजा, सिविल सर्जन -- इस वर्कशॉप में स्टील और एल्मुनीयम की कटिंग की जाती है। मैं बाहर था। वर्कशॉप में आग लगने के बाद अचानक धमाका हुआ था। धमाका लगने से मैं झुलस गया। आग लगने से 30-32 लोग झुलसे हैं। हादसे के दौरान काफी भीड़ जमा थी -अनीष, बीके अस्पताल -- ‘आग लगने का पता चलने पर मैं वहां गया था। मैं बाहर खड़ा था। तभी वहां वर्कशॉप के बाहर रखे केमिकल के ड्रम धमाके के साथ फट गए। इससे मैं झुलस गया। वर्कशॉप के अंदर लगी आग को बुझा लिया गया था। इसके बाद अचानक केमिकल और तेल की वजह से फैल गई। बेड न मिलने के कारण बेंच पर बैठने को मजबूर हूं’ मनोज, बीके अस्पताल में पहुंचा --

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;