ईडब्ल्यूएस फ्लैटों की बुकिंग फिर शुरू, 25 फरवरी तक खुला रहेगा पोर्टल
फरीदाबाद में मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत ईडब्ल्यूएस फ्लैटों की बुकिंग प्रक्रिया फिर से शुरू की गई है। यह बुकिंग 23 अक्टूबर 2025 की नीति के अनुसार की जा रही है। पोर्टल 20 से 25 फरवरी तक खुला रहेगा, और इच्छुक लाभार्थियों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत ईडब्ल्यूएस फ्लैटों की बुकिंग प्रक्रिया एक बार फिर शुरू की गई है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लोगों को अपना घर उपलब्ध हो सकेगे। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सतबीर मान ने बताया कि यह बुकिंग 23 अक्टूबर 2025 की ईडब्ल्यूएस नीति के तहत लाइसेंसधारी बिल्डरों द्वारा विकसित लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में आरक्षित प्लॉट और फ्लैटों के लिए की जा रही है। पोर्टल 20 फरवरी से लेकर 25 फरवरी तक छह दिनों के लिए खुला रहेगा। इस अवधि के दौरान पात्र आवेदक ऑनलाइन माध्यम से अपनी पसंद के फ्लैट की बुकिंग कर सकेंगे।
बुकिंग प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। आवेदकों को https://consumer.housingpms.org.in/#/loginलिंक पर लॉगइन करके आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन और बुकिंग प्रक्रिया पूरी करनी होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद पोर्टल स्वतः बंद हो जाएगा। इसलिए इच्छुक पात्र लाभार्थियों को समय रहते आवेदन करना जरूरी है। एडीसी सतबीर मान ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सभी पात्र लाभार्थियों तक पोर्टल खुलने की जानकारी पहुंचाना सुनिश्चित करें। साथ ही जिन पात्र आवेदकों ने अभी तक बुकिंग नहीं कराई है, उन्हें एसएमएस के माध्यम से भी सूचित किया जाएगा, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति इस अवसर से वंचित न रह जाए। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द से जल्द पोर्टल पर जाकर अपनी बुकिंग प्रक्रिया पूरी करें। यह योजना कमजोर आय वर्ग के परिवारों को किफायती दरों पर घर उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण कदम है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


